परिवार की एकता पर केंद्रित कुटुंब प्रबोधन कार्यक्रम संपन्न; हेमंत सेठिया बोले— ‘परिवार मजबूत होगा तो समाज और राष्ट्र भी सुदृढ़ होगा’

Monday, November 17, 2025 - 16:21
Updated: 10 months ago
0
परिवार की एकता पर केंद्रित कुटुंब प्रबोधन कार्यक्रम संपन्न; हेमंत सेठिया बोले— ‘परिवार मजबूत होगा तो समाज और राष्ट्र भी सुदृढ़ होगा’

गुना (आरएनआई) ब्रजबाग गार्डन में स्वर्गीय नाथूलाल मंत्री जन-कल्याण न्यास के तत्वाधान में कुटुंब प्रबोधन गतिविधि द्वारा परिवार मिलन एवं सहभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नगर के सभी परिवारों को आमंत्रित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में सभी उपस्थित परिवारों को एकत्रित कर महिला, युवा एवं बुजुर्गों के अलग-अलग समूह बनाए गए। इन समूहों में परिवार में साथ बैठकर भोजन करने, संवाद बढ़ाने, समस्याओं पर चर्चा करने तथा पारिवारिक एकता को सुदृढ़ करने संबंधी सत्र आयोजित किए गए।

इसके पश्चात सभी परिवारों को एक साथ बैठाकर मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता श्री हेमंत जी सेठिया, प्रांत कार्यवाह – राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, ने संबोधित किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा— “परिवार वह प्रथम संस्था है जहाँ मनुष्य प्रेम, विश्वास और संस्कार सीखता है। परिवार में यदि भाई-भाई के बीच स्नेह बना रहे, बहन–भाभी में अपनापन हो, माता–पिता के प्रति सम्मान हो—तो वह परिवार ही नहीं, एक चलती-फिरती पाठशाला बन जाता है। आज की भागदौड़ भरी जीवन-व्यवस्था में सबसे बड़ा संबल पारिवारिक एकता ही है। जब परिवार एक साथ बैठता है, एक साथ भोजन करता है, एक-दूसरे की बात सुनता है, तो मन के सभी क्लेश दूर हो जाते हैं और हर समस्या का हल सरलता से निकल आता है।  परिवार की सबसे बड़ी शक्ति उसका एक होकर चलना है। प्रेम, संवाद और त्याग—ये तीन सूत्र यदि हर घर में जीवित रहें, तो कोई भी मतभेद स्थायी नहीं होता। परिवार मजबूत होगा तो समाज मजबूत होगा, और समाज मजबूत होगा तो राष्ट्र भी सुदृढ़ होगा। इसलिए हम सबका कर्तव्य है कि परिवार में प्रेम, सम्मान और एकता की इस परंपरा को न केवल निभाएँ बल्कि आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाएँ।”

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघ चालक श्री गिर्राज जी अग्रवाल तथा नगर संघ चालक श्री महेंद्र जी संधू भी मंचासीन रहे।

बच्चों के लिए धार्मिक एवं महापुरुषों के प्रश्न एवं पुरस्कार वितरण
कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों के लिए धार्मिक ग्रंथ एवं साहित्य आधारित प्रश्न मंच भी आयोजित किया गया। इसमें रामचरितमानस एवं अन्य धार्मिक ग्रंथों से संबंधित प्रश्न पूछे गए, जिनका बच्चों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया। उत्तम प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार एवं प्रोत्साहन स्वरूप उपहार प्रदान किया गया।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User