पंजाब आपदा ग्रस्त घोषित: 23 जिलों के 1400 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में
पंजाब के 3 लाख 54 हजार 626 लोग बाढ़ की वजह से प्रभावित हैं। 19,597 लोगों को बाढ़ग्रस्त इलाकों से सुरक्षित निकाला जा चुका है। अभी तक चार लाख एकड़ से ज्यादा फसल बर्बाद हो चुकी है।
चंडीगढ़ (आरएनआई) पंजाब में लगातार बारिश और बाढ़ से हालात गंभीर होते जा रहे हैं। सूबे के सभी 23 जिलों में 1200 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। स्थिति को देखते हुए पंजाब सरकार ने पूरे राज्य को आपदा प्रभावित घोषित कर दिया है।
सरकारी अमलों के साथ-साथ सैन्य व अर्धसैन्य बलों और पंजाब पुलिस के जवान भी बाढ़ राहत व बचाव कार्याें में जुटे हुए हैं। अब तक बाढ़ और बारिश जनित हादसों में मरने वालों की संख्या 30 हो गई है। तीन लोग लापता हैं जिनका कोई पता नहीं चला है। पंजाब सरकार के मुताबिक सूबे के सभी जिले अब आपदा ग्रस्त हैं जबकि 12 जिलों में तो हालात ज्यादा खराब हैं। सबसे ज्यादा गुरदासपुर के 324 गांवों में पानी घुस चुका है। अमृतसर, होशियारपुर, फाजिल्का, फिरोजपुर, कपूरथला, पठानकोट व मानसा के ग्रामीण इलाकों के हालात भी ठीक नहीं हैं।
बाढ़ संकट के बीच आज सीएम मान संगरूर जाएंगे। मान मकरोड साहिब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे और घग्गर नदी पर बने दो पुलों का भी निरीक्षण करेंगे। सीएम राहत और बचाव कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री भगवंत मान के अनुसार लोगों को बाढ़ की मार से बचाने के लिए पंजाब सरकार पूरी तरह जुटी हुई है। केंद्र भी जल्द राहत पैकेज की घोषणा करे। उनके समेत सभी मंत्री व विधायक फील्ड में लोगों को राहत पहुंचाने के कार्यों में लगे हुए हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान मंगलवार को फिरोजपुर के बाढ़ग्रस्त गांवों में पहुंचे। लोगों से बात की और हालातों का जायजा लिया। गांववासियों की बर्बादी देख सीएम मान की आंखें भर आईं। उन्होंने लोगों को गले लगाकर उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



