नौतपा की तपिश से देश बेहाल, प्रचंड गर्मी और उमस की दोहरी मार; अगले पांच दिन भारी चेतावनी

Tuesday, May 26, 2026 - 11:12
0
नौतपा की तपिश से देश बेहाल, प्रचंड गर्मी और उमस की दोहरी मार; अगले पांच दिन भारी चेतावनी

नौतपा की शुरुआत के साथ ही उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत भीषण गर्मी की चपेट में आ गया है। चिलचिलाती धूप, गर्म हवाओं और बढ़ती उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि दिन ही नहीं, रातों में भी गर्मी लोगों को राहत नहीं लेने दे रही। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए अगले दो दिनों तक रेड अलर्ट और उसके बाद ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

दरअसल, नौतपा के दौरान सूरज की किरणें सीधे धरती पर पड़ती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ जाता है। 2 जून तक जारी रहने वाले इस दौर में कई इलाकों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। साथ ही हवा में नमी कम होने और लू चलने से गर्मी का असर और ज्यादा महसूस हो रहा है।

उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में सोमवार को भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। उत्तर प्रदेश के बांदा में सबसे अधिक 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। उरई, झांसी और प्रयागराज में पारा 45.6 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि आगरा में तापमान 45.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हरियाणा के सिरसा में 46.2 डिग्री और पंजाब के बठिंडा में 44.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

राष्ट्रीय राजधानी Delhi में धूल भरे बादलों और बढ़ती नमी ने गर्मी को और ज्यादा असहनीय बना दिया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात दिल्ली में तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मई महीने में पिछले 14 वर्षों की सबसे गर्म रात मानी जा रही है।

Rajasthan के कोटा में तापमान 45.6 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि चित्तौड़गढ़ और श्रीगंगानगर में पारा 45 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में 29 मई के बाद नए पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है। इसके चलते तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आने और भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश के संकेत भी दिए गए हैं। हालांकि 28 मई तक लू और गर्म रातों का असर लगातार बना रहेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User