नितिन नवीन का इस्तीफा, बांकीपुर सीट खाली; राज्यसभा जाने से पहले छोड़ी विधायकी
पटना (आरएनआई) बिहार की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम के तहत भाजपा नेता नितिन नवीन ने अपनी विधायकी से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के साथ ही बांकीपुर विधानसभा सीट खाली हो गई है और अब इस सीट पर उपचुनाव की संभावना बढ़ गई है।
नितिन नवीन ने सोमवार को अपना इस्तीफा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को सौंपा, जिसे बाद में विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को दे दिया गया। बताया गया कि उन्होंने रविवार को ही इस्तीफा सौंप दिया था, जिसे औपचारिक रूप से सोमवार को विधानसभा में प्रस्तुत किया गया।
सोशल मीडिया के जरिए अपने इस्तीफे की जानकारी देते हुए नितिन नवीन ने कहा कि वह बांकीपुर क्षेत्र की जनता के आभारी हैं और भले ही अब वह विधायक नहीं रहेंगे, लेकिन हमेशा क्षेत्र के लोगों की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी द्वारा दी गई नई जिम्मेदारी के तहत वह बिहार और देश के विकास के लिए कार्य करते रहेंगे।
दरअसल, नितिन नवीन अब राज्यसभा सदस्य के रूप में 10 अप्रैल को शपथ लेने जा रहे हैं, जिसके चलते उन्हें विधानसभा की सदस्यता छोड़नी पड़ी है। उनके इस्तीफे के बाद बांकीपुर सीट खाली हो गई है, जिस पर जल्द ही उपचुनाव की घोषणा हो सकती है। हालांकि, चुनाव आयोग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस सीट पर भाजपा ही अपना प्रत्याशी उतारेगी, क्योंकि यह सीट लंबे समय से पार्टी के कब्जे में रही है।
नितिन नवीन का राजनीतिक सफर भी काफी दिलचस्प रहा है। वह जेपी आंदोलन से जुड़े रहे दिवंगत नेता नवीन सिन्हा के बेटे हैं। 1980 में पटना में जन्मे नितिन ने अपनी शुरुआती शिक्षा दिल्ली में प्राप्त की। 2005 में अपने पिता के निधन के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और उपचुनाव में पहली बार जीत हासिल की। इसके बाद उन्होंने लगातार चुनाव जीतकर अपनी मजबूत राजनीतिक पहचान बनाई।
अब राज्यसभा में जाने के साथ ही उनकी भूमिका राष्ट्रीय राजनीति में और अधिक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)