नागपुर में भीषण हादसा: विस्फोटक कारखाने में धमाका, 15 लोगों की मौत, कई गंभीर
नागपुर (आरएनआई)। महाराष्ट्र के नागपुर जिले में रविवार सुबह एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। कटोल तहसील के राउलगांव स्थित एसबीएल एनर्जी लिमिटेड के विस्फोटक कारखाने में हुए भीषण धमाके में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और फैक्टरी परिसर में धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया।
पुलिस के अनुसार विस्फोट सुबह करीब 7 बजे से 7:15 बजे के बीच कंपनी की डेटोनेटर पैकिंग यूनिट में हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के क्षेत्रों में भी उसकी आवाज सुनी गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय बड़ी संख्या में कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद थे, जिससे जनहानि अधिक हुई।
नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने बताया कि अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 18 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को तुरंत नागपुर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। दमकल और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और संभावित रूप से फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या सुरक्षा चूक की आशंका जताई जा रही है।
एसबीएल एनर्जी लिमिटेड देश की प्रमुख औद्योगिक और खनन विस्फोटक निर्माता कंपनियों में से एक है। इस हादसे ने औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)