दिल्ली कार ब्लास्ट: षड्यंत्र की गूंज अब उत्तराखंड तक, सात संदिग्धों से लगातार पूछताछ
देहरादून (आरएनआई) दिल्ली कार ब्लास्ट मामले की जांच अब उत्तराखंड तक पहुंच गई है, जहां सात संदिग्ध व्यक्तियों के आतंकियों से संभावित संपर्कों की जांच की जा रही है। उत्तर प्रदेश एटीएस द्वारा साझा की गई जानकारी के बाद उत्तराखंड पुलिस की इंटेलिजेंस और एसटीएफ टीम इन सातों से लगातार पूछताछ कर रही है। सभी संदिग्ध अलग-अलग समय पर ब्लास्ट के आरोपियों से संपर्क में रहे बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, जांच के दायरे में कुछ डॉक्टरों और एक प्लेसमेंट एजेंसी से जुड़े लोग भी शामिल हैं। इन सभी की पिछले छह महीनों की गतिविधियों, कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा की गहन पड़ताल की जा रही है। एसटीएफ की एक विशेष टीम ने इंटेलिजेंस मुख्यालय के निर्देश पर इन सभी को रडार पर लेते हुए जांच की प्रक्रिया तेज कर दी है।
जांच एजेंसियों ने ब्लास्ट के मुख्य आरोपी और आत्मघाती हमलावर डॉ. उमर उन नबी, तथा उसके सहयोगियों डॉ. मुजम्मिल शकील, आमिर राशिद अली, डॉ. आदिल राठर और डॉ. शाहीन शाहिद की कॉल डिटेल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और मोबाइल एप्स से मिले डेटा का विश्लेषण किया है। इस जांच से उत्तराखंड कनेक्शन के महत्वपूर्ण सुराग सामने आए हैं, जो साबित करते हैं कि दिल्ली ब्लास्ट की साजिश के तार कश्मीर से हरियाणा, उत्तर प्रदेश और अब उत्तराखंड तक फैले हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, शुरुआती दौर में यूपी एटीएस की टीम उत्तराखंड पहुंचने वाली थी, लेकिन इंटेलिजेंस और एसटीएफ की तेजी से की गई कार्रवाई के बाद सभी संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी गई। दोनों राज्यों की पुलिस समन्वय डेस्क के माध्यम से लगातार सूचनाओं का आदान-प्रदान कर रही है। इसी कारण फिलहाल यूपी एटीएस को उत्तराखंड भेजने की आवश्यकता नहीं पड़ी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



