बदरीनाथ धाम से कांग्रेस की न्याय यात्रा शुरू, गणेश गोदियाल ने संभाली कमान

Thursday, October 22, 2026 - 13:50
0
बदरीनाथ धाम से कांग्रेस की न्याय यात्रा शुरू, गणेश गोदियाल ने संभाली कमान

चमोली। उत्तराखंड में जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को बदरीनाथ धाम से अपनी न्याय यात्रा का आगाज किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में शुरू हुई इस पदयात्रा के जरिए पार्टी जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को उठाएगी। यात्रा की शुरुआत बदरीनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद हुई।

कांग्रेस के अनुसार, न्याय यात्रा का उद्देश्य प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न और बिगड़ती कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। पार्टी का कहना है कि यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी और उन्हें सरकार के सामने रखा जाएगा।

इस यात्रा में गणेश गोदियाल के साथ विधायक विक्रम सिंह नेगी और लखपत सिंह बुटोला भी नेतृत्व कर रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यात्रा बदरीनाथ से आगे जोशीमठ, पीपलकोटी और चमोली होते हुए विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचेगी। इसके बाद नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग और गौचर सहित अन्य स्थानों पर भी जनसंपर्क किया जाएगा।

कांग्रेस ने इस अभियान को प्रदेश की जनता के अधिकारों और सम्मान से जुड़े मुद्दों को उठाने का माध्यम बताया है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि राज्य में बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से लोग परेशान हैं। यात्रा के जरिए इन मुद्दों पर जनसमर्थन जुटाने और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने की तैयारी है।

कांग्रेस की न्याय यात्रा 22 से 26 अक्टूबर तक गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित की जा रही है। पार्टी के अलग-अलग दल अपने निर्धारित मार्गों पर जनसंपर्क करेंगे। इसके बाद 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User