ट्विशा शर्मा मौत मामला: सास-बहू विवाद में नया मोड़, कॉल रिकॉर्डिंग और पैसों के लेनदेन को बचाव का आधार बना रहे गिरिबाला-समर्थ

Wednesday, June 3, 2026 - 12:20
Updated: 2 months ago
0
ट्विशा शर्मा मौत मामला: सास-बहू विवाद में नया मोड़, कॉल रिकॉर्डिंग और पैसों के लेनदेन को बचाव का आधार बना रहे गिरिबाला-समर्थ

भोपाल (आरएनआई) अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए तथ्य सामने आ रहे हैं। मामले की जांच कर रही सीबीआई के अनुसार, कई बयान और साक्ष्य ऐसे हैं जो पूर्व जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह के खिलाफ माने जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर दोनों आरोपी अपने बचाव में कानूनी रणनीति तैयार कर रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह को सबसे अधिक भरोसा मोबाइल कॉल रिकॉर्डिंग पर है। उनका मानना है कि इन रिकॉर्डिंग्स से उनका पक्ष मजबूत हो सकता है और मामले की परिस्थितियों को अलग नजरिए से समझाने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा ट्विशा शर्मा को ट्रांसफर किए गए लाखों रुपये को भी बचाव पक्ष महत्वपूर्ण तथ्य के रूप में पेश करने की तैयारी कर रहा है।

गौरतलब है कि नोएडा निवासी अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह का दावा है कि यह आत्महत्या का मामला है, जबकि ट्विशा के परिजनों ने दहेज प्रताड़ना और उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। इसी आधार पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, जिसकी जांच अब सीबीआई कर रही है।

इस बीच ट्विशा के परिजनों ने पूर्व जज गिरिबाला सिंह पर अपने प्रभाव और रसूख का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। परिवार का दावा है कि घटना के तुरंत बाद गिरिबाला सिंह ने कई प्रभावशाली लोगों से संपर्क किया था। परिजनों के अनुसार, उन्होंने कथित तौर पर 46 फोन कॉल किए थे, जिनकी जांच की जानी चाहिए।

ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा और भाई हर्षित शर्मा लगातार गिरिबाला सिंह के कॉल रिकॉर्ड की जांच की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में अदालत में आवेदन भी दायर किया गया है। परिजनों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है।

फिलहाल पूरे मामले पर सीबीआई की जांच जारी है और एजेंसी सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ट्विशा शर्मा की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User