जैसलमेर-जोधपुर बस में लगी भीषण आग, कई यात्रियों के जलने की आशंका
जैसलमेर (आरएनआई) जैसलमेर से जोधपुर जा रही एक निजी बस में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। हादसा जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर थईयात गांव के पास करीब साढ़े तीन बजे हुआ। बस में कुल 57 यात्री सवार थे। हादसे में अब तक 10 से 12 लोगों के जिंदा जल जाने की आशंका जताई जा रही है। कई यात्री गंभीर रूप से झुलसे हैं।
कैसे हुआ हादसा
बस जैसलमेर से करीब 20 किलोमीटर आगे बढ़ी ही थी कि पीछे के हिस्से से धुआं उठना शुरू हो गया। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई।
घबराए यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर और चलती बस से छलांग लगाकर जान बचाने की कोशिश की। कई लोग सड़क किनारे झुलसकर गिर पड़े और जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाते रहे। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
राहत-बचाव कार्य
स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने सबसे पहले मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। उसके बाद दमकल विभाग और पुलिस की टीमें पहुंचीं। असिस्टेंट फायर ऑफिसर कृष्णपाल सिंह राठौड़ के अनुसार फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उन्होंने शुरुआती आकलन में 10 से 12 मृतकों की आशंका जताई है।
अब तक करीब 15 यात्री झुलसे बताए जा रहे हैं, जिनमें 3 बच्चे और 4 महिलाएं शामिल हैं। गंभीर अवस्था में ओमाराम भील को जोधपुर अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं युनूस और उनकी मां इमामत भी गंभीर रूप से झुलसी हैं।
सरकार की प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कलेक्टर और एसपी से बात कर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। वे खुद जैसलमेर के लिए रवाना हो गए हैं और लगातार अपडेट ले रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
जांच जारी
पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका है कि इंजन या वायरिंग में शॉर्ट सर्किट से आग लगी होगी। मौके पर राहत और जांच कार्य जारी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



