जी-20 सम्मेलन के लिए दक्षिण अफ्रीका रवाना हुए पीएम मोदी, वैश्विक दक्षिण के मुद्दों पर भारत रखेगा मजबूत पक्ष
नई दिल्ली (आरएनआई). प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय दक्षिण अफ्रीका दौरे पर रवाना हो गए हैं, जहाँ वह जी-20 देशों के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। नई दिल्ली से जोहानसबर्ग के लिए रवाना हुए प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा वैश्विक दक्षिण की चिंताओं और विकासशील देशों की प्राथमिकताओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से रखने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी सुधाकर दलेला ने कहा कि भारत जी-20 शिखर सम्मेलन में ग्लोबल साउथ से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि घोषणा पत्र में क्या शामिल होगा, यह पहले से कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन भारत की प्राथमिकताओं को पूरा महत्व मिलने की पूरी संभावना है।
यह लगातार चौथा अवसर है जब जी-20 शिखर सम्मेलन ग्लोबल साउथ के किसी देश में आयोजित हो रहा है। दलेला ने बताया कि पहली बार यह सम्मेलन अफ्रीकी महाद्वीप पर हो रहा है, जिससे अफ्रीका और अन्य विकासशील देशों के मुद्दों पर वैश्विक ध्यान बढ़ेगा। याद रहे कि 2023 में नई दिल्ली सम्मेलन के दौरान अफ्रीकन यूनियन को स्थायी सदस्यता दी गई थी। इस वर्ष दक्षिण अफ्रीका जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है और 20वां शिखर सम्मेलन जोहानसबर्ग में आयोजित होगा।
प्रधानमंत्री मोदी 21 से 23 नवंबर तक दक्षिण अफ्रीका में रहेंगे। इस दौरान उनके कई द्विपक्षीय कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं, जिनके अंतिम विवरण तय किए जा रहे हैं। यह उनकी दक्षिण अफ्रीका की चौथी आधिकारिक यात्रा है। इससे पहले वे 2016 में द्विपक्षीय यात्रा और 2018 तथा 2023 में ब्रिक्स सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे थे।
जी-20 सम्मेलन की थीम ‘सॉलिडेरिटी, इक्वलिटी, सस्टेनेबिलिटी’ रखी गई है, जिसके तहत विकासशील देशों की जरूरतों को वैश्विक एजेंडे में शामिल करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। भारत ने अपनी अध्यक्षता के दौरान डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, खाद्य सुरक्षा और ऋण स्थिरता जैसे विषयों पर ज़ोर दिया था, जिन्हें इस वर्ष की बैठकों में भी महत्त्वपूर्व स्थान मिला है और उम्मीद है कि शिखर घोषणा में भी इन्हें स्थान मिलेगा।
जी-20 दुनिया की 20 प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं का समूह है, जो वैश्विक जीडीपी, व्यापार और जनसंख्या के बड़े हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है। दलेला ने कहा कि आतंकवाद भारत के लिए महत्वपूर्ण विषय है, लेकिन जी-20 मुख्य रूप से आर्थिक मामलों पर केंद्रित मंच है और चर्चाएँ भी उसी दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने नेताओं की उपस्थिति पर टिप्पणी करने से इंकार करते हुए कहा कि शिखर सम्मेलन अपने आप में एक महत्वपूर्ण वैश्विक संवाद का मंच साबित होगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



