जिले में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें – संभागायुक्त खत्री

Saturday, April 11, 2026 - 11:20
Updated: 4 months ago
0
जिले में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें – संभागायुक्त खत्री

‎‎गुना (आरएनआई) संभागीय आयुक्त मनोज खत्री द्वारा आज कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस एवं शासन की प्राथमिकता वाले बिंदुओं के संबंध में बैठक आयोजित कर जिले के विभिन्न विभागों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल,अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कृषि, चिकित्सा, शिक्षा, रोजगार, उद्योग एवं निवेश, खाद्य, सुशासन, ग्रामीण विकास तथा जनजातीय विभाग की पीपीटी के माध्यम से समीक्षा करते हुए संभागायुक्त ने निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन की समस्याओं का समय-सीमा में सकारात्मक निराकरण किया जाए।

संभागायुक्त श्री खत्री ने डिजिटल लर्निंग के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर कन्याल ने जानकारी दी कि समृद्धि केंद्र के माध्यम से स्वास्थ्य, कृषि, डिजिटल व्यापार, गवर्नेंस एवं सुरक्षा से संबंधित हाईटेक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे ग्रामीणों को विभिन्न सेवाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने बताया कि इस नवाचार के लिए देश के केवल तीन ग्रामों में उमरी–आरी का चयन हुआ है, जो मध्यप्रदेश का एकमात्र चयनित ग्राम है।

बैठक में खेतों में आगजनी की घटनाओं की रोकथाम हेतु फायर फाइटर का डेमो प्रस्तुत किया गया। जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे ने बताया कि ऐसे स्थानों पर, जहां बड़े अग्निशमन वाहन नहीं पहुंच पाते, वहां फायर फाइटर अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे। कलेक्टर श्री कन्याल ने बताया कि नरवाई जलाने की घटनाओं पर जिले में सख्त कार्रवाई की जा रही है तथा कृषकों को जागरूक करने हेतु लगातार चौपाल एवं संगोष्ठियां आयोजित की जा रही हैं। 15 मार्च से 9 अप्रैल 2026 तक 25 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 62,500 रुपए का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है। संभागायुक्त ने सभी शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालय निर्माण शीघ्र पूर्ण करने तथा जर्जर भवनों के सुधार एवं आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण के निर्देश दिए।

एलपीजी की उपलब्धता की समीक्षा के दौरान जिले में पर्याप्त आपूर्ति होना बताया गया। कालाबाजारी के 16 प्रकरण दर्ज कर 26 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। शिक्षा विभाग द्वारा प्रवेशोत्सव से पूर्व पाठ्यपुस्तकों का वितरण सुनिश्चित किया गया है तथा पोर्टल पर 87.32 प्रतिशत प्रविष्टियां दर्ज की जा चुकी हैं।

कलेक्टर ने बताया कि प्रत्येक जनपद स्तर पर 10 मोटरों का “मोटर बैंक” स्थापित किया जा रहा है। साथ ही चौपेट नदी (राघौगढ़), डिगडोली तालाब (बमोरी) एवं कूनो नदी (गुना) के जीर्णोद्धार कार्य प्रारंभ किए जा चुके हैं। “एक बगिया मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधों की गैप फिलिंग तथा वन विभाग एवं जनभागीदारी के माध्यम से 11 लाख पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

संभागायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास कार्यों में गति लाने एवं आमजन को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User