जयवर्धन सिंह के नेतृत्व में गुना कलेक्ट्रेट घेराव, भाजपा पर फर्जी वोटर और स्मार्ट मीटर घोटाले का आरोप

Thursday, September 4, 2025 - 21:30
Updated: 1 year ago
0

गुना (आरएनआई) कांग्रेस ने गुरुवार को जिला अध्यक्ष और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट का घेराव किया और राष्ट्रीय व स्थानीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान गुना की सड़कों पर वोट चोर, रिश्वतखोर, गद्दी छोड़ का नारा जमकर गूंजा। जयवर्धन सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा ने वोट की चोरी मध्यप्रदेश में भी की है। यहां हर विधानसभा में 20 से 30 हजार फर्जी मतदाता हैं। गुना में भी ग्रामीण क्षेत्रों के अनेकों लोगों के नाम शहरी मतदाता सूची में जोड़ दिए गए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मतदाताओं की जानकारी मांगी है।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद पहली बार जयवर्धन सिंह के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन में शामिल होने जिलेभर से आए हज़ारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हनुमान चौराहे पर एकत्रित हुए। कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचारी होने, सनातन विरोधी होने और वोट चोरी का आरोप लगाते हुए उग्र आंदोलन किया। प्रदर्शन में जगह-जगह वोट चोर गद्दी छोड़ लिखे पोस्टर नजर आ रहे थे। 

प्रदर्शन के बाद कलेक्टेट पहुंचे जयवर्धन सहित जिले के कांग्रेस नेताओं और ने कलेक्टर किशोर कन्याल को मतदाता सूची 2025 के शुद्धिकरण बाबत दिए गए ज्ञापन के अलावा, गुना के बाढ़ पीड़ितों को न्याय दिलाने, किसानों की फसलों का मुआवजा दिलाने, फसल बीमा की राशि दिलाने, गौ माता की सेवा-सुरक्षा और स्मार्ट मीटर बंद कराने जैसे कई मुद्दों को लेकर ज्ञापन दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा की तानाशाही और भ्रष्टाचार को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी और जनता को न्याय दिलाकर ही मानेगी। भले ही सड़कों पर उतरकर संघर्ष क्यों न करना पड़े। प्रदर्शन में गुना के अलावा आरोन, राघौगढ़, बीनागंज, चांचौड़ा, मधुसूदनगढ़, बमौरी, कुंभराज और म्याना तहसीलों से हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए।

राहुल की तरह बुलेट पर सवार होकर आए जयवर्धन
वोट चोरी, किसान और बाढ़ पीड़ितों के मुद्दे पर आंदोलन करने आए जयवर्धन सिंह ने राहुल की तर्ज पर गुना में प्रवेश किया। कांग्रेस नेता एक बुलेट पर सवार हुए, जिसे बमोरी विधायक इंजी. ऋषि अग्रवाल चला रहे थे। हाथों में कांग्रेस का झंडा थामे हुए जयवर्धन सिंह ने भी गुना की सड़कों पर वोट चोर गद्दी छोड़ का नारा लगाया। इसके बाद प्रदर्शन में शामिल हुए।

8 हजार करोड़ के स्मार्ट मीटर खरीदे
जयवर्धन सिंह ने बताया कि एक तरफ जनता मूलभूत समस्याओं से ग्रसित है, विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। दूसरी ओर भाजपा सरकार ने 8 हजार करोड़ के स्मार्ट मीटर खरीदकर जनता पर थोप दिए हैं। उन्होंने बताया कि यह जानकारी उन्हें स्वयं ऊर्जा मंत्री ने विधानसभा में दी है। जबकि वर्तमान मीटर से जनता संतुष्ट है। उन्होंने बताया कि ऐसा इसलिए किया गया, ताकि उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाया जा सके।

गाय और सनातन धर्म विरोधी है भाजपा
कांग्रेस जिला अध्यक्ष और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने भाजपा पर गौमाता और सनातन विरोधी होने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि कमलनाथ की 15 महीनों की सरकार ने गांव-गांव गौशाला खोलने की योजना शुरु की थी। लेकिन भाजपा ने इस योजना को बंद कर दिया। अगर भाजपा में हिम्मत है और वे वाकई गाय हितैषी हैं तो यह योजना दोबारा चालू होना चाहिए।

भाजपा के दलाल कर रहे खाद की कालाबाजारी
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने किसानों के मुद्दों पर भी सरकार को घेरा है। जयवर्धन सिंह ने आरोप लगाया है कि गुना जिले में पर्याप्त खाद आने के बावजूद किसान परेशान हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के दलाल खाद की दलाली में सक्रिय है। कांग्रेस ने सोसायटियों के जरिए खाद बंटवाई थी, लेकिन भाजपा ने अब 8 से 10 वितरण केंद्र ही खोले थे, जिससे किसानों को सीधे खाद न मिल सके। किसानों के मुद्दे पर जयवर्धन ने केंद्र सरकार पर भी आरोप जड़े। जयवर्धन ने दावा किया कि मोदीजी की सरकार आने के बाद पीएम किसान बीमा योजना के तहत अब तक किसानों से 40 हजार करोड़ प्रीमियम जमा करवा लिया है, जबकि किसानों को इस योजना के लाभ के तहत सिर्फ 10 हजार करोड़ ही मिल सके।

मुआवजा में भी भ्रष्टाचार, पीड़ित नहीं चेहरे देखे गए
गुना में आई बाढ़ प्रभावितों के पीड़ितों की अनदेखी करते हुए कांग्रेस ने दावा किया है कि सरकार ने मुआवजा वितरण में भी भ्रष्टाचार किया है। मुआवजा ज्यादातर उन लोगों को दिए गए, जो सत्ता पक्ष से संबंधित थे। इसको लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता ने कोर्ट में जनहित याचिका भी दायर की। आरोप लगाया कि सरकार ने पीड़ितों को नहीं बल्कि चेहरे देखकर मुआवजा राशि का वितरण किया है। जयवर्धन ने बताया कि बाढ़ के बाद तत्काल कांग्रेस प्रदेश जीतू पटवारी, उन्होंने स्वयं, बमौरी विधायक ऋषि अग्रवाल और तमाम बड़े कांग्रेस नेताओं ने बमौरी और गुना का दौरा किया तब भाजपा को बाढ़ प्रभावितों की याद आई और मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री सिंधिया पीड़ितों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि मुआवजा न के बराबर है। कांग्रेस मकान क्षतिग्रस्त होने वाले प्रभावितों को ढाई लाख रुपए और जिनके घरों में उपकरण या गृहस्थी का नुकसान हुआ है उसे 50 हजार रुपए देने की मांग करती है। बाढ़ से प्रभावित किसानों की अनदेखी पर भी जयवर्धन ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अब तक राजस्व विभाग ने खेत-खेत जाकर नुकसान का आंकलन नहीं किया है। इससे पता चलता कि भाजपा को किसानों की चिंता ही नहीं है।(ईएमएस) 

मंत्री गोविंद सिंह को बताया सिंधिया का पीए
जयवर्धन सिंह ने बाढ़ प्रभावितों का मुद्दा उठाने के दौरान मध्यप्रदेश के केबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का पीए कह दिया। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस नेता बमौरी पहुंचे तब सिंधिया ने अपने पीए गोविंद सिंह को बमौरी भेजा था। वे भी वहां पर्यटन करके वापस आ गए।

कांग्रेस पर बांके बिहारीजी की कृपा
आंदोलन के दौरान गुना में दोपहर तक धूप खिलने और बारिश नहीं होने को लेकर जयवर्धन ने प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर बांके बिहारीजी की कृपा है। नहीं तो एक दिन पहले डोल ग्यारस पर भी गुना में झमाझम बारिश हो रही थी और शाम को भी बारिश हो सकती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User