जनसुनवाई में 230 शिकायतें: भर्ती घोटाले पर त्वरित एक्शन, कर्मचारी निलंबित

Tuesday, April 28, 2026 - 18:35
Updated: 3 months ago
0
जनसुनवाई में 230 शिकायतें: भर्ती घोटाले पर त्वरित एक्शन, कर्मचारी निलंबित

गुना (आरएनआई) शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में कलेक्‍टर किशोर कुमार कन्‍याल द्वारा आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। आज विभिन्‍न आवेदकों ने जनसुनवाई में सीमांकन, बिजली, पेंशन, नगरपालिका, स्‍वास्‍थ्‍य और नामांतरण के आवेदन प्रस्‍तुत किये गये, जिनके निराकरण के निर्देश दिये गये। आज इस दौरान लगभग 230 आवेदन नागरिकों द्वारा प्रस्‍तुत किये गये। 

कलेक्‍टर श्री कन्‍याल की आंगनवाड़ी भर्ती में गड़बड़ी पर त्‍वरित कार्रवाई, सहायक ग्रेड-03 निलंबित

आज आयोजित जनसुनवाई में श्रीमती रानी सेन, निवासी तहसील मकसूदनगढ़ ने आंगनवाड़ी भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि राधौगढ़ के सेक्टर ग्रामीण-01 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र नांदनेर तरी में सहायिका पद पर पूजा कुशवाह तथा सेक्टर मधुसूदनगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्र तिलक चौक वार्ड क्रमांक-04 में स्वयं रानी सेन का अनंतिम चयन हुआ था। शिकायत में बताया गया कि सहायक ग्रेड-03 श्री विजय कुमार मेहरा द्वारा भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी की गई और अभ्यर्थियों से पैसों की मांग की गई।

आवेदन को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने तत्काल संज्ञान लिया और जिला कार्यक्रम अधिकारी को जांच के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। साथ ही श्रीमती रानी सेन को कलेक्‍टर श्री कन्‍याल द्वारा नियुक्ति पत्र सौपा गया।

टीबी मरीजों को पोषण सहायता हेतु फूड बास्केट वितरित

आज जनसुनवाई में 6 क्षय (टीबी) मरीजों को पोषण सहायता के रूप में फूड बास्केट वितरित किए गए। यह पहल “निक्षय मित्र” अभियान के अंतर्गत की गई, जिसका उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के दौरान पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराना है।

इस दौरान मरीजों को दाल, सोयाबीन, दलिया, चने, मूंगफली और आटा जैसी प्रोटीन युक्त खाद्य सामग्री प्रदान की गई। विशेषज्ञों के अनुसार टीबी एक लंबी अवधि की बीमारी है, जिसमें मरीजों को कम से कम 6 माह तक नियमित दवा लेनी होती है। ऐसे में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने के लिए संतुलित आहार बेहद जरूरी होता है।

सरकार द्वारा भी टीबी मरीजों को उपचार अवधि के दौरान प्रतिमाह ₹1000 की पोषण सहायता दी जाती है। इसके साथ ही “निक्षय मित्र” के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाकर मरीजों को संपूर्ण उपचार अवधि तक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी टीबी मरीज पोषण की कमी के कारण अपना इलाज अधूरा न छोड़े और समय पर पूर्ण रूप से स्वस्थ हो सके।

स्‍वास्‍थ्‍य सुविधाओं, आधार कार्ड का नागरिकों ने लिया लाभ

कलेक्‍टर किशोर कुमार कन्‍याल द्वारा अधिक से अधिक लोगों को आधार एवं स्‍वास्‍थ्‍य सुविधाएं प्राप्‍त हो इसके लिए विशेष प्रबंध के निर्देश दिये गये है। इसी क्रम में जनसुनवाई में नागरिकों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा 70+ आयुष्मान कार्ड, नेत्र परीक्षण, एचआईव्‍ही की जांच सहित अन्‍य सुविधाएं उपलब्‍ध करायी गई, जिनका बड़ी संख्‍या में आवेदकों द्वारा लाभ लिया गया। आज जनसुनवाई में एमपी ई-सेवा पोर्टल पर पंजीयन हेतु पृथक काउंटर की व्यवस्था की गई। जिसमें 18 आवेदकों के नवीन पंजीयन किये गये एवं आवेदकों की अन्य योजनाओं हेतु पात्रता जांची गई।

आज जनसुनवाई में अपर कलेक्‍टर अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत अभिषक दुबे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User