गुना में 'तेजस कार्यशाला' आयोजित, विधायक पन्नालाल शाक्य ने युवाओं को स्टार्टअप और नवाचार के लिए किया प्रेरित

Friday, July 31, 2026 - 18:44
Updated: 2 days ago
0
गुना में 'तेजस कार्यशाला' आयोजित, विधायक पन्नालाल शाक्य ने युवाओं को स्टार्टअप और नवाचार के लिए किया प्रेरित

जिले में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने एवं युवाओं को नवाचार आधारित उद्यमिता से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, उद्योग विभाग, स्टार्टअप सेंटर मध्यप्रदेश तथा उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT), भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में होटल प्लेओटेल, गुना में 'तेजस कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विधायक पन्नालाल शाक्य ने सहभागिता करते हुए युवाओं से पर्यावरण संरक्षण, हरित प्रौद्योगिकी एवं सतत औद्योगिक विकास को अपनाने का आह्वान किया।

सतत औद्योगिक विकास अपनाने का दिया संदेश

विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा कि औद्योगिक विकास ऐसा होना चाहिए, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना सामाजिक आवश्यकताओं एवं आर्थिक प्रगति के बीच संतुलन बना रहे। उन्होंने ऊर्जा दक्षता, अपशिष्ट न्यूनीकरण तथा हरित प्रौद्योगिकी को अपनाने पर बल देते हुए कहा कि कोई भी उद्योग प्रारंभ करने से पहले अपनी भूमि एवं भारत माता का पूजन अवश्य करें। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि आवश्यकता के अनुरूप ही संसाधनों का उपयोग एवं संग्रह किया जाना चाहिए।

स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित हुई कार्यशाला

एमएसएमई विभाग द्वारा आयोजित कार्यशाला का उद्देश्य उभरते उद्यमियों, एंजेल इन्वेस्टर्स, इनोवेटर्स, स्टार्टअप्स, विद्यार्थियों एवं अन्य हितधारकों की क्षमता का विकास कर जिला स्तर पर स्टार्टअप इकोसिस्टम को सशक्त बनाना रहा। कार्यशाला के माध्यम से युवाओं को नवाचार आधारित उद्यम स्थापित करने तथा स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया गया।

विशेषज्ञों ने स्टार्टअप नीति एवं निवेश के अवसरों की दी जानकारी

कार्यशाला के विभिन्न तकनीकी सत्रों में विशेषज्ञों ने स्टार्टअप की अवधारणा, डीपीआईआईटी (DPIIT) मान्यता प्रक्रिया, मध्यप्रदेश स्टार्टअप नीति-2025 के अंतर्गत उपलब्ध वित्तीय एवं परिचालन सहायता, निवेश के अवसर, बौद्धिक संपदा संरक्षण, ब्रांडिंग, विपणन तथा विनिर्माण आधारित स्टार्टअप्स को मिलने वाले प्रोत्साहनों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही नई इकाइयों की स्थापना, पात्रता अवधि, वार्षिक टर्नओवर एवं स्टार्टअप संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।

विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने लिए तकनीकी सत्र

कार्यशाला में मुस्तफा हुसैन ने स्टार्टअप अवेयरनेस एवं मध्यप्रदेश स्टार्टअप इकोसिस्टम, अंशुल गौतम ने स्टार्टअप पंजीयन एवं डीपीआईआईटी मान्यता प्रक्रिया, डॉ. राकेश अग्रवाल ने वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ODOP) तथा एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट की संभावनाओं और आनंद रैकवार ने डिजिटल मार्केटिंग विषय पर विस्तृत जानकारी देते हुए उद्यम स्थापना एवं व्यवसाय विस्तार के व्यावहारिक पहलुओं पर प्रकाश डाला।

गुना में 211 स्टार्टअप हुए पंजीकृत

कार्यशाला में बताया गया कि वर्ष 2018 से अब तक गुना जिले में 211 स्टार्टअप पंजीकृत हो चुके हैं, जिनमें वर्ष 2025-26 के दौरान 82 नए स्टार्टअप शामिल हैं। वर्तमान में जिले के 11 स्टार्टअप 'एंटरप्रेन्योर-इन-रेजिडेंस (EIR)' योजना के अंतर्गत लाभान्वित हो रहे हैं। कार्यशाला के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र उद्यमियों को स्टार्टअप इंडिया एवं मध्यप्रदेश स्टार्टअप नीति-2025 से जोड़ने का संकल्प दोहराया गया।

प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का किया समाधान

कार्यशाला के दौरान विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थी, नवाचारकर्ता, स्टार्टअप संस्थापक, उद्योग प्रतिनिधि एवं उद्यमिता में रुचि रखने वाले प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्हें अपने नवाचारों को सफल उद्यम में परिवर्तित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यशाला ने जिले में नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा स्थानीय स्टार्टअप इकोसिस्टम को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User