सेल्फी बनी मुसीबत: खंडवा में नदी के टापू पर फंसे चार युवक, 11 घंटे के रेस्क्यू के बाद सभी सुरक्षित

Friday, July 31, 2026 - 14:09
0
सेल्फी बनी मुसीबत: खंडवा में नदी के टापू पर फंसे चार युवक, 11 घंटे के रेस्क्यू के बाद सभी सुरक्षित

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में पिकनिक के दौरान सेल्फी और घूमना चार युवकों को भारी पड़ गया। हांडीकुंडी पिकनिक स्पॉट पर अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से चारों युवक बीच में बने टापू पर फंस गए। प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों ने करीब 11 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शुक्रवार तड़के सभी युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, खंडवा जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर सुक्ता और आबना नदी के संगम पर स्थित हांडीकुंडी पिकनिक स्पॉट पर मेडिकल व्यवसायी हुजेफा हामिद अली अपने साथियों असगर, मुस्तफा और मयंक के साथ घूमने गए थे। इसी दौरान क्षेत्र में हुई तेज बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और चारों युवक टापू पर फंस गए। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए।

गुरुवार शाम करीब छह बजे रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया, लेकिन नदी के तेज बहाव और अंधेरे के कारण शुरुआती प्रयास सफल नहीं हो सके। स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया और अतिरिक्त सहायता के लिए एनडीआरएफ (NDRF) को भी अलर्ट पर रखा गया।

रात के समय बचाव अभियान में जोखिम अधिक होने के कारण प्रशासन ने ड्रोन की मदद से फंसे युवकों तक खाना, पीने का पानी और लाइफ जैकेट पहुंचाई। पूरी रात अधिकारियों ने उनसे लगातार संपर्क बनाए रखा, ताकि उनका मनोबल बना रहे और वे सुरक्षित रह सकें।

प्रशासन ने वैकल्पिक योजना के तहत हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट की तैयारी भी की थी। रायपुर से हेलीकॉप्टर बुलाया गया, लेकिन खराब मौसम के कारण वह नागपुर में ही रुक गया। हालांकि शुक्रवार तड़के मौसम और परिस्थितियां अनुकूल होते ही एसडीआरएफ की टीम ने सफलतापूर्वक चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी, नाले और पिकनिक स्थलों पर जाते समय विशेष सावधानी बरतें तथा जलस्तर बढ़ने की स्थिति में जोखिम न उठाएं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User