गुना (आरएनआई) जिले में गुनिया नदी के पुनर्जीवन एवं संरक्षण के लिए चल रहे अभियान को गति प्रदान करते हुए कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने आज स्वयं श्रमदान किया। सिंगवासा तालाब के पास विवेक कॉलोनी स्थित रेलवे ब्रिज के नीचे से इस अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर गुनिया नदी के चौड़ीकरण कार्य में सहभागिता की।
कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि गुनिया नदी के संरक्षण हेतु प्रशासन,नागरिक एवं समाज मिलकर कार्य कर रहे हैं। अभियान में लगने वाली राशि एवं अन्य संसाधन भी प्रशासन और आमजन के सहयोग से जुटाए जा रहे हैं, जो जनभागीदारी की उत्तम मिसाल है। उन्होंने बताया कि गुनिया नदी को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किए जाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
श्रमदान के अवसर पर कलेक्टर श्री कन्याल ने उपस्थितजनों को नदी संरक्षण की शपथ दिलाई और कहा कि गुनिया नदी का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जिलेवासियों से इस अभियान में अधिकाधिक सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी गुना श्रीमति शिवानी पाण्डेय, प्र. सीएमओ सुश्री मंजूषा खत्री, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X