छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: ईडी की बड़ी कार्रवाई, पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की ₹61.20 करोड़ की संपत्ति कुर्क

Nov 13, 2025 - 16:10
 0  81
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: ईडी की बड़ी कार्रवाई, पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की ₹61.20 करोड़ की संपत्ति कुर्क

नई दिल्ली (आरएनआई)। छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की ₹61.20 करोड़ की संपत्ति अस्थायी रूप से कुर्क कर ली है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत की गई है।

ईडी की जानकारी के मुताबिक, कुर्क की गई संपत्तियों में ₹59.96 करोड़ की 364 आवासीय भूखंड और कृषि भूमि के रूप में अचल संपत्तियां, जबकि ₹1.24 करोड़ की बैंक बैलेंस और सावधि जमा के रूप में चल संपत्तियां शामिल हैं।

एजेंसी का कहना है कि यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ में हुए कथित शराब घोटाले से जुड़ी धनशोधन की जांच का हिस्सा है। इस घोटाले में करीब ₹2500 करोड़ रुपये की अवैध कमाई (प्रॉसीड्स ऑफ क्राइम) का पता चला है।

ईडी की जांच में सामने आया है कि चैतन्य बघेल शराब सिंडिकेट के शीर्ष पर तैनात थे, और मुख्यमंत्री के पुत्र होने के नाते उन्हें इस सिंडिकेट का नियंत्रक और अंतिम अधिकारी बनाया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, वे सिंडिकेट की अवैध कमाई के संग्रह, चैनलाइजेशन और वितरण से जुड़े बड़े निर्णयों में सीधे शामिल थे।

एजेंसी का दावा है कि चैतन्य बघेल ने शराब घोटाले से हुई अवैध कमाई को रियल एस्टेट कारोबार के ज़रिए सफेद धन में बदलने की कोशिश की। उन्होंने इस धन को अपनी कंपनी मेसर्स बघेल डेवलपर्स के अंतर्गत “विट्ठल ग्रीन” रियल एस्टेट प्रोजेक्ट में निवेश किया।

ईडी ने चैतन्य बघेल को 18 जुलाई 2025 को गिरफ्तार किया था और वे इस समय न्यायिक हिरासत में हैं।

इस मामले में इससे पहले कई बड़े नामों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा, अरविंद सिंह, त्रिलोक सिंह ढिल्लों, अनवर ढेबर, आईटीएस अधिकारी अरुण पति त्रिपाठी, और पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा शामिल हैं।

ईडी ने कहा कि चैतन्य बघेल की ₹61.20 करोड़ की यह कुर्की, पहले की गई ₹215 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों की कुर्की का ही हिस्सा है। एजेंसी ने बताया कि इस घोटाले की जांच अब भी जारी है, और जल्द ही और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.