चाइनीज धारदार मांझे से दूधवाले मोटरसाइकिल सवार की गर्दन बुरी तरह कट गई

Wednesday, December 31, 2025 - 20:11
Updated: 10 months ago
0
चाइनीज धारदार मांझे से दूधवाले मोटरसाइकिल सवार की गर्दन बुरी तरह कट गई

गुना (आरएनआई) शहर के बीजी रोड ओवर ब्रिज पर बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब चाइनीज धारदार मांझे से एक व्यक्ति की गर्दन बुरी तरह कट गई और वह लहूलुहान होकर दोपहिया वाहन से गिर पड़ा। घटना में उनका भाई भी मांझे की चपेट में आ गया, हालांकि उसे मामूली चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल युवक जैमा बंजारा निवासी ग्राम कुंदा थाना बजरंगगढ़ बताया गया है, जो सुबह दूध लेकर अपने भाई और पत्नी के साथ गुना आया था। जैसे ही तीनों बाइक से बजरंगगढ़ ओवर ब्रिज के ऊपर पहुंचे, अचानक उड़ती हुई पतंग का चाइनीज मांझा तेज रफ्तार में आकर जैमा की गर्दन में लिपट गया और तेज धार से मरीज की गर्दन अंदर तक कट गई। गर्दन पर गहरा घाव होने के कारण मौके पर ही काफी खून बहने लगा और बाइक अनियंत्रित होकर किनारे रुक गई।

घटना देखकर राहगीरों ने तुरंत मदद की और परिजन घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल उपचार शुरू किया। गर्दन में कई जगह गहरे कट हैं जिससे काफी रक्तस्राव हुआ। परिजन घटना के बाद मांझे का टुकड़ा भी साथ लेकर अस्पताल पहुंचे, जिसके धारदार और खतरनाक होने का अंदाजा अस्पताल स्टाफ को भी लगा।

इस हादसे के बाद लोगों में चाइनीज मांझे पर नाराजगी देखी गई। शहर में बीते कुछ दिनों से पतंगबाजी बढऩे के साथ उड़ते मांझों से राहगीरों के घायल होने की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन इस घटना ने प्रशासन और पुलिस की लापरवाही पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजारों में चाइनीज मांझे की बिक्री पर प्रतिबंध होने के बावजूद खुलेआम दुकानों पर यह खतरनाक मांझा मिल रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल घायल जैमा बंजारा का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। परिजन ने पुलिस-प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है, ताकि शहर में चाइनीज मांझा बेचने वालों पर सख्त रोक लगे और इस तरह की घटना दोबारा न हो।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User