गुना: प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की अध्यक्षता में भावांतर भुगतान योजना पर समीक्षा बैठक सम्पन्न
गुना (आरएनआई) चांचौड़ा-बीनागंज शासकीय महाविद्यालय में आज खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की उपस्थिति में भावांतर भुगतान योजना के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में चांचौड़ा-बीनागंज विधायक श्रीमती प्रियंका पेंची, भाजपा जिला अध्यक्ष, कलेक्टर किशोर कन्याल, पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक दुबे, एसडीएम चांचौड़ा रवि मालवीय सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में कलेक्टर श्री किशोर कन्याल ने भावांतर योजना की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया योजना 26 सितंबर से लागू की गई। उसी दिन जिला मंडी व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसके उपरांत टीएल बैठक में भी मंडी सचिवों, एसडीएम एवं अधिकारियों को क्रियान्वयन संबंधी निर्देश दिए गए। दिनांक 30 सितंबर को किसान संघ के प्रतिनिधियों से चर्चा की गई और 01 अक्टूबर को जिला उपार्जन समितियों की बैठक लेकर सोयाबीन पंजीयन हेतु 25 समितियों को अधिकृत किया गया। योजना अंतर्गत 03 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2025 तक किसानों का पंजीयन किया जा रहा है।
कलेक्टर ने बताया योजना के तहत यदि किसानों को विक्रय मूल्य न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से कम लेकिन मंडी मॉडल भाव से अधिक प्राप्त होता है, तो उसका अंतर 15 दिवस के भीतर सीधे किसानों के आधार-लिंक बैंक खातों में अंतरित किया जाएगा। किसान भाई स्वयं के मोबाइल, एमपी ऑनलाइन, लोक सेवा केंद्र एवं निजी साइबर कैफे के माध्यम से भी पंजीयन करा सकते हैं।
इस अवसर पर मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा किसानों को सोयाबीन का भाव सही तरीके से मिले इसलिए यह योजना लागू की गई। पूरी योजना पारदर्शिता के साथ संचालित हो इसके लिए ऑनलाइन के साथ-साथ उसको क्रॉस चेक भी किया जाएगा। सरकार की स्पष्ट मंशा है अधिक से अधिक किसान इस योजना से लाभान्वित हो।
बैठक के अंत में मंत्री श्री राजपूत द्वारा पत्रकार वार्ता को भी संबोधित किया गया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



