गोरक्षा के लिए आदि शंकराचार्य का राजधानी कूच: सुल्तानपुर में उमड़ा जनसैलाब, अभियान से दूरी बनाने वाले 'कथित' हिंदूवादी नेताओं पर उठे सवाल
सुल्तानपुर (आरएनआई) ज्योतिर्मठ के आदि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के नेतृत्व में आगामी 11 मार्च से लखनऊ में शुरू होने जा रहे विशाल 'गोरक्षा अभियान' को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति और सामाजिक गलियारों में सरगर्मी बढ़ गई है। वाराणसी से लखनऊ तक की अपनी यात्रा के दौरान संत श्री का जौनपुर, सुल्तानपुर, अमेठी और रायबरेली में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। इस महा-अभियान को मिल रहे अभूतपूर्व जनसमर्थन ने जहाँ एक ओर हिंदू जनमानस को एकजुट किया है, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक हलकों में खलबली मचा दी है।
शंकराचार्य के इस अभियान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर उनके सीधे बयानों के बाद जिले के चौक-चौराहों पर चर्चाओं का बाजार गर्म है। विशेष रूप से उन भाजपा नेताओं और 'कथित' हिंदूवादी चेहरों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं, जो टिकट और पद की लालसा में हिंदुत्व का राग तो अलापते हैं, लेकिन शंकराचार्य के इस गोरक्षा स्वागत समारोह से दूरी बनाए रहे। आम जनता के बीच अब यह बहस छिड़ गई है कि गोरक्षा की बात करने वाले ये नेता सनातन पीठ के सर्वोच्च पद पर आसीन शंकराचार्य के साथ खड़े होने से क्यों कतरा रहे हैं।
अभियान को गति देने के लिए स्थानीय संगठनों और प्रबुद्ध वर्ग ने कमर कस ली है। परशुराम सेना के हैप्पी दुबे सहित सैकड़ों समर्थकों ने इस मिशन को अपना पूर्ण समर्थन दिया है। स्थानीय नागरिकों और वालंटियर्स का कहना है कि वे उन नेताओं की पहचान करेंगे जो गोरक्षा के नाम पर केवल मुखौटा पहने हुए हैं और गायों की तस्करी या कटान पर मौन सहमति रखते हैं। संगठन के कार्यकर्ताओं ने साफ किया है कि ऐसे दोहरे चरित्र वाले नेताओं का पर्दाफाश किया जाएगा।
आदि शंकराचार्य के समर्थन में वकीलों और बुद्धिजीवियों का भी बड़ा समूह उतर आया है। बार एसोसिएशन के महासचिव दिनेश दुबे, कृष्ण कुमार पांडेय कक्कू, ब्रजेश पांडेय और अनवर जैसे विभिन्न समुदायों के सैकड़ों लोगों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस अभियान को अपना समर्थन दिया है। हजारों की संख्या में लोग 11 मार्च को लखनऊ कूच करने की तैयारी में हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि गोरक्षा का यह मुद्दा आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में एक नया मोड़ ले सकता है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)