गुना में बस हादसा: बारात से लौट रही बस सड़क से उतरी, एक की मौत, दर्जनों घायल — कलेक्टर पहुंचे अस्पताल, सहायता राशि देने की घोषणा

Tuesday, May 6, 2025 - 16:34
Updated: 1 year ago
0

गुना (आरएनआई) जिले के धरनावदा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारात से लौट रही एक बस पार्वती नदी के पास अनियंत्रित होकर एक खेत में उतर गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए। घटना के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया और जिला कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल स्वयं अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की।

जानकारी के अनुसार, यह बस शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के ग्राम टपरन निवासी आलम केवट की बेटी की शादी में शामिल हुए परिजनों को लेकर लौट रही थी। विवाह 5 मई को कोटा (राजस्थान) में संपन्न हुआ था। करीब 40 से अधिक परिजन और रिश्तेदार सिंगापुर ट्रेवल्स की बस में सवार थे। सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे जब बस धरनावदा क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी पार्वती नदी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे के समय बस में 60 से 70 लोग सवार थे। दुर्घटना के तुरंत बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। यात्रियों ने किसी तरह बस से निकलकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया।

जिला कलेक्टर पहुंचे अस्पताल

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल जिला अस्पताल पहुंचे और भर्ती घायलों से मुलाकात कर स्वास्थ्य व्यवस्था की जानकारी ली। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बताया कि बस राजस्थान से आ रही थी और शिवपुरी की ओर जा रही थी, जो रास्ते से नीचे उतर गई, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि 12 घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि कोई भी घातक रूप से गंभीर नहीं है, जिससे रैफर करने की आवश्यकता नहीं पड़ी। उन्होंने एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि करते हुए गहरा दुख भी व्यक्त किया।

कलेक्टर ने यह भी बताया कि घायलों को जिला प्रशासन की ओर से तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User