गुना में टेबल टेनिस टूर्नामेंट का भव्य समापन, खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
गुना (आरएनआई) स्थानीय ऑफ़ीसर्स क्लब टेनिस हॉल में डायनैमिक टेबल टेनिस एकेडमी के तत्वावधान में एक ओपन टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया , जिसमें मध्यप्रदेश एवं राजस्थान के विभिन्न आयु वर्ग के कुल 73 खिलाड़ियों ने शिरकत की, वहीं अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के मैच रेफरी भी अपनी सेवाएँ प्रदान कर रहे थे ।
उक्त टूर्नामेंट के आयोजक कोच देवांशु जैन ने यह प्रतियोगिता अपने पूज्य पिता स्व.संतोष कुमार जैन की स्मृति में आयोजित की।
अत्यंत गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजेश अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि डॉ भूपेन्द्र धाकरे द्वारा सभी विजेताओं को शील्ड एवं मेडल प्रदान कर पुरस्कृत किया गया ।
पुरस्कार वितरण समारोह की शुरुआत में कोच देवांशु जैन द्वारा मंचासीन अतिथियों का पुष्पहारों से स्वागत किया गया ।
मुख्य अतिथि राजेश अग्रवाल ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में कहा कि खेल और खिलाड़ियों हेतु में सहज उपलब्ध हूँ , समर्पित हूँ और सदैव रहूँगा।
अग्रवाल ने टेबल टेनिस के पुराने समय की यादें ताजा करते हुए कहा कि बीच में संसाधनों का अभाव होने से टेबल टेनिस के खिलाड़ियों की संख्या में कमी आई थी लेकिन अब देवांशु जैसे कोच हमारे पास उपलब्ध हैं और खास बात यह है कि स्वयं संसाधन जुटाकर खिलाड़ियों को तैयार कर रहे हैं तो निश्चित ही कल हमारे क्षेत्र के टेबल टेनिस खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर खेल सकेंगे ।
प्रतियोगिता के विजेताओं में प्रमुख रूप से अंडर 9 वर्ग में दिवित अग्रवाल ने बाजी मारी वहीं रनर अप ओजस गुप्ता रहे । अंडर 11 आयु वर्ग में मयूक टाक विजेता रहे वहीं सामर्थ्य अग्रवाल ने रनर अप का ख़िताब हासिल किया ।
अंडर 13 वर्ग में रिशित त्रिपाठी विजेता रहे जबकि ह्रदय बिरला ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया ।
अंडर 15 आयु वर्ग में उलटफेर करते हुए हृदय बिरला ने प्रथम स्थान हासिल किया वहीं रनर अप रिशित त्रिपाठी रहे ।
वीमेन्स फाइनल में प्रियंका शर्मा विनर बनीं एवं साक्षी जेठवानी रनर अप रहीं ।
ओपन डबल्स में अभिनव एवं प्रियांशी की जोड़ी ने जीत हासिल की वहीं उपविजेता रिशित एवं साक्षी की जोड़ी रही ।
पुरस्कार वितरण समारोह में बच्चों में ख़ासा उत्साह देखने को मिला । आयोजकों द्वारा प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को भी शील्ड प्रदान की गई एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मेडल से नवाज़ा गया ।
अंत में आयोजन समिति द्वारा आमंत्रित अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किये गए ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)