गुना में उद्योगों के अनुकूल वातावरण तैयार करें, निवेश और रोजगार बढ़ाने के लिए बने कार्ययोजना : कलेक्टर कन्याल

Jul 16, 2026 - 21:36
Jul 16, 2026 - 21:38
 0  0
गुना में उद्योगों के अनुकूल वातावरण तैयार करें, निवेश और रोजगार बढ़ाने के लिए बने कार्ययोजना : कलेक्टर कन्याल

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र एवं मध्यप्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीआईडीसी) की तृतीय गुरुवार मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक दुबे, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र अमित शर्मा, प्रबंधक उद्योग प्रवीण बैसला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि गुना जिले में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जाए तथा निवेश और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए सुनियोजित कार्ययोजना बनाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में स्थापित एवं प्रस्तावित औद्योगिक इकाइयों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा निवेशकों और उद्योगों के समक्ष आने वाली समस्याओं का समयबद्ध निराकरण किया जाए।

कलेक्टर ने कुशमौदा स्थित औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण कर वहां संचालित औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों एवं उद्यमियों के साथ संवाद (इंटरैक्शन) कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों से सीधे संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी प्राप्त की जाए, जिससे औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार एवं नए निवेश को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जा सके।

बैठक में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र अमित शर्मा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में योजना के तहत निर्धारित 128 प्रकरणों के लक्ष्य के विरुद्ध 152 प्रकरणों में लगभग 10.80 करोड़ रुपये का वितरण कर 118 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया गया। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को ऋण पर 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान का लाभ प्रदान किया जाता है।

उन्होंने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 130 प्रकरणों के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 90 प्रकरण बैंकों को भेजे जा चुके हैं, जिनमें 31 प्रकरण स्वीकृत तथा 29 प्रकरणों में लगभग 2.45 करोड़ रुपये का वितरण किया जा चुका है।

बैठक में जिले के औद्योगिक क्षेत्रों कुसमौदा, गुना एवं औद्योगिक संस्थान गुना में संचालित उद्योगों, निवेश एवं रोजगार की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही नेगमा, गेहूंखेड़ी एवं साइकिल फैक्ट्री परिसर में प्रस्तावित नए औद्योगिक क्षेत्रों के लिए भूमि हस्तांतरण तथा अधोसंरचना विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि पिपरौदा खुर्द औद्योगिक क्षेत्र में अधोसंरचना विकास का लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है तथा अक्टूबर 2026 तक कार्य पूर्ण होने की संभावना है। वहीं राघौगढ़ के चैनपुरा में 334.701 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकसित किए जा रहे औद्योगिक क्षेत्र के अधोसंरचना विकास के लिए 218.48 करोड़ रुपये के कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं।

बैठक में मावन स्थित अदानी समूह की अंबूजा कंक्रीट नॉर्थ प्राइवेट लिमिटेड के सीमेंट प्लांट परियोजना की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि लगभग 500 करोड़ रुपये के निवेश वाली इस परियोजना से करीब 1500 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है तथा परियोजना स्थल पर बाउंड्री वॉल का लगभग 75 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।

इसके अतिरिक्त सकतपुर में 80 हेक्टेयर भूमि पर प्रस्तावित नए औद्योगिक क्षेत्र तथा चौरोल औद्योगिक क्षेत्र में भूमि अधिपत्य एवं पहुंच मार्ग उपलब्ध कराने संबंधी कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0