गुना: गुनिया नदी सौंदर्यीकरण पर कलेक्टर की बैठक, पैदल मार्ग व व्यू प्वाइंट से बढ़ेगा पर्यटन, जनभागीदारी को मिलेगा बढ़ावा
गुना (आरएनआई) शुक्रवार को गुनिया नदी सौंदर्यीकरण को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित बैठक का मुख्य उद्देश्य नदी के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ आसपास के तालाबों एवं नदियों की सफाई, जलधारा को सुचारू बनाना तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
बैठक में कलेक्टर किशोर कन्याल ने सिंगवासा डैम, भुजरिया तालाब एवं गोपालपुर डैम क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने, जलधारा के संरक्षण और सफाई व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि गुनिया नदी को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाए। इसके अंतर्गत नदी किनारे पैदल मार्ग, व्यू पॉइंट और अन्य आकर्षक स्थल विकसित किए जाएंगे।
बैठक के दौरान पीपीटी के माध्यम से सौंदर्यीकरण योजना और अब तक की प्रगति पहले और बाद के फोटो के माध्यम से प्रस्तुत की गई। वर्तमान में दस कार्यदल अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय हैं। इन दलों ने सुझाव दिया कि नदी में सबसे अधिक कचरा प्लास्टिक और कपड़ों का है, जिसके कारण जल प्रवाह रुक जाता है।
कलेक्टर कन्याल ने सभी दलों को निर्देश दिए कि कार्य के दौरान पेड़ों की कटाई न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में बच्चों, विभिन्न संगठनों एवं आमजन को भी श्रमदान के माध्यम से जोड़ा जाएगा, जिसके लिए चरणबद्ध तरीके से कार्य योजना बनाई जाए। आगामी समय में इसे नमामि गंगे परियोजना से जोड़ने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पांडे, डिप्टी कलेक्टर, नगर पालिका सीएमओ सुश्री मंजूषा खत्री, तकनीकी दल के सदस्य एवं सभी कार्यदल उपस्थित रहे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



