गलत कीटनाशक से धनिया की फसल झुलसी, बमोरी के किसानों को लाखों का नुकसान
बमोरी/गुना (आरएनआई) बमोरी ब्लॉक के ग्राम विशनवाड़ा और पाटन के किसानों के लिए इस बार धनिया की खेती भारी नुकसान का कारण बन गई। आरोप है कि एक कृषि सेवा केंद्र द्वारा गलत कीटनाशक दवा दिए जाने से किसानों की लहलहाती धनिया की फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई, जिससे किसानों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
पीड़ित किसानों ने बताया कि करीब 20 दिन पूर्व उन्होंने ग्राम विशनवाड़ा स्थित श्रीराम कृषि सेवा केंद्र से “ट्रेक्स” नामक कीटनाशक दवा खरीदी थी। दो माह की कड़ी मेहनत के बाद जब तैयार फसल पर इस दवा का छिड़काव किया गया, तो कुछ ही समय में फसलें झुलसने लगीं और पूरी तरह बर्बाद हो गईं। जब किसान इस नुकसान की शिकायत लेकर दुकान संचालक के पास पहुंचे तो उन्हें असंवेदनशील जवाब मिला, जिससे किसानों में भारी आक्रोश फैल गया।
किसानों का कहना है कि उक्त संचालक की ग्राम पाटन में भी दुकान है, जहां से दवा खरीदने वाले किसानों की फसलें भी खराब हुई हैं। आरोप है कि दुकानदार ने कुछ प्रभावशाली किसानों को विवाद से बचने के लिए पैसे वापस कर दिए, लेकिन गरीब और मध्यम वर्गीय किसानों को नुकसान की भरपाई से इनकार कर दिया गया।
सोमवार को करीब 8 से 10 किसान न्याय की गुहार लेकर गुना कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल को शिकायती आवेदन सौंपा। किसानों ने अधिकारियों को कीटनाशक का डिब्बा, खरीदी का पक्का बिल तथा खेतों में नष्ट हुई फसलों की तस्वीरें भी प्रस्तुत कीं। किसानों का यह भी आरोप है कि बिल पर जीएसटी का उल्लेख नहीं है और दवा पर बैच नंबर भी अंकित नहीं है।
किसानों ने बताया कि अभी तक कृषि विभाग द्वारा खेतों का निरीक्षण कर फसल नुकसान का आकलन नहीं किया गया है। उनका कहना है कि नियमों के अनुसार कीटनाशक विक्रय करने वाले दुकानदार के पास कृषि या संबंधित विषय में निर्धारित योग्यता होना आवश्यक है, लेकिन संबंधित दुकानदार के पास न तो कोई डिप्लोमा है और न ही दवाओं की सही जानकारी, इसके बावजूद वह खुलेआम कीटनाशक बेच रहा है।
पीड़ित किसानों ने मांग की है कि कृषि विभाग की टीम तत्काल खेतों का सर्वे कर नुकसान का आकलन करे और दोषी दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें उचित मुआवजा दिलाया जाए।
इस मामले में उप संचालक कृषि, गुना ने कहा कि प्रकरण उनके संज्ञान में है। जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)