गर्मी से पहले वन विभाग अलर्ट, आग और कब्जों पर होगी त्वरित कार्रवाई
फतेहगढ़ (आरएनआई) वन परिक्षेत्र फतेहगढ़ में वन अग्नि एवं अतिक्रमण की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आज परिक्षेत्र मुख्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक अक्षय राठौर, वनमण्डल अधिकारी, वनमण्डल गुना के निर्देशन में संपन्न हुई।
इस बैठक में एसडीओ बमौरी अंतर सिंह ओहरिया तथा परिक्षेत्र अधिकारी रवि सिंह सहित विभागीय स्टाफ एवं वन समितियों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक में ग्रीष्म ऋतु के दौरान संभावित वन अग्नि की घटनाओं की रोकथाम हेतु विस्तृत रणनीति तैयार की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वनों में आग लगाने जैसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर नियमित गश्त बढ़ाने, फायर लाइन दुरुस्त रखने तथा त्वरित सूचना तंत्र सक्रिय रखने पर जोर दिया गया।
साथ ही गांव-गांव जाकर ग्रामीणों को जंगल में आग न लगाने हेतु समझाइश दी गई तथा आग लगने की स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई।
अतिक्रमण की रोकथाम के लिए अवैध कब्जों की पहचान, सीमांकन की समीक्षा एवं आवश्यकतानुसार अभियान चलाने की कार्ययोजना बनाई गई। अधिकारियों ने वन समितियों को गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने तथा सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि वन संपदा की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है और जनसहयोग के बिना इसे प्रभावी रूप से संरक्षित नहीं किया जा सकता। ग्रीष्म ऋतु में वन अग्नि से सुरक्षा तथा वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने की दिशा में विभाग द्वारा सख्त कदम उठाए जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)