केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का ग्वालियर-गुना-शिवपुरी-अशोकनगर-भोपाल का 5 दिवसीय प्रवास
गुना/नई दिल्ली/ग्वालियर (आरएनआई): केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया 12 से 16 मार्च 2026 तक ग्वालियर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी और भोपाल के पांच दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न जनहित, सामाजिक और विकास से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेंगे, नागरिकों से संवाद करेंगे तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आमजन से मुलाकात करेंगे।
प्रवास के प्रथम दिन केंद्रीय मंत्री सिंधिया ग्वालियर पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे और 13 मार्च से अपने कार्यक्रमों की शुरुआत करेंगे। वे ग्वालियर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह स्थानीय कार्यक्रमों के बाद वे रूप सिंह स्टेडियम में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स द्वारा आयोजित क्रिकेट मैच के उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे। इसके बाद मुरार स्थित ओमसाई गार्डन में आयोजित कुशवाह समाज युवक-युवती परिचय सम्मेलन में भी शामिल होंगे।
अपने प्रवास के दौरान सिंधिया घाटीगांव में आयोजित कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ उपस्थित रहेंगे। इसके बाद वे शिवपुरी और गुना पहुंचकर विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे तथा क्षेत्र के नागरिकों से मुलाकात करेंगे और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
14 मार्च को केंद्रीय मंत्री DIET भवन बजरंगगढ़ (गुना) में आयोजित जनसंपर्क एवं जनसमस्या निवारण शिविर में करीब दो घंटे तक नागरिकों की समस्याएँ सुनेंगे। इसके बाद अम्बेडकर चौराहा पर आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित करेंगे। इसी दिन वे क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण भी करेंगे और कोंटर (श्यामपुर) में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही उमरी गांव में ‘समृद्ध ग्राम’ कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे और बमोरी विधानसभा क्षेत्र में एमपी ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण की 10 सड़कों का लोकार्पण भी करेंगे। बाद में वे गुना कलेक्ट्रेट में दिशा बैठक में भाग लेकर मीडिया से संवाद करेंगे।
15 मार्च को सिंधिया म्याना और चंदेरी के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे म्याना स्थित पंचायत विभाग के जिला प्रशिक्षण केंद्र और सिविल अस्पताल का निरीक्षण करेंगे तथा हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित जनसंपर्क एवं जनसमस्या निवारण शिविर में नागरिकों से संवाद करेंगे। इसके बाद वे चंदेरी में आयोजित बैजू बावरा सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी दिन वे गुना जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर नवनिर्मित क्रिटिकल केयर यूनिट का उद्घाटन करेंगे और गुना रेलवे स्टेशन सहित अमृत योजना के अंतर्गत सकतपुर में बन रहे सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण व लोकार्पण भी करेंगे।
प्रवास के अंतिम दिन 16 मार्च को सिंधिया गुना में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद Footwear Design and Development Institute का दौरा कर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। इसके बाद वे शिवपुरी में श्रीमंत माधवराव स्वास्थ्य मिशन और रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन के सहयोग से राजमाता विजयाराजे सिंधिया अस्पताल में आयोजित अब तक के सबसे बड़े नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन करेंगे और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भी वितरित करेंगे।
प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेते हुए नागरिकों से संवाद करेंगे और क्षेत्र के विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी भी लेंगे। कार्यक्रमों के समापन के बाद 16 मार्च को वे भोपाल से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)