कलेक्टर की पहल से आवास मेले को मिली रफ्तार, बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि
गुना (आरएनआई) कलेक्टर किशोर कुमार की पहल पर जगनपुर स्थित प्रधानमंत्री आवास स्थल पर आयोजित आवास मेले में बिक्री ने गति पकड़ ली है। नगर पालिका गुना द्वारा लगाए जा रहे इस आवास मेले में नागरिकों की बढ़ती रुचि देखने को मिल रही है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री मंजुषा खत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि आवास मेले के दौरान आज कुल 15 आवासों की बुकिंग की गई, जिनमें 13 एमआईजी एवं 2 एलआईजी भवन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बीते दिन जहां केवल 6 फ्लैट बुक हुए थे, वहीं आज दोगुनी से अधिक बुकिंग दर्ज की गई है, जो मेले की सफलता को दर्शाती है।
सीएमओ ने बताया कि यह आवास मेला 28 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले में मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया और बढ़ती बिक्री को देखते हुए आगामी दिनों में आवासों की कीमतों में वृद्धि की जा सकती है। ऐसे में इच्छुक नागरिकों से अपील की गई है कि वे “पहले आओ–पहले पाओ” योजना के तहत शीघ्र पंजीयन कर अपनी पसंद का आवास प्राप्त करें।
नगर पालिका द्वारा निर्मित इन आवासों में किसी प्रकार की कोई अतिरिक्त औपचारिकता नहीं है। सभी भवन शासकीय प्रक्रिया के अनुरूप पूर्ण हैं, जिससे नागरिकों को सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से आवास उपलब्ध कराया जा रहा है।
आज के आवास मेले में उपयंत्री नितिन चंदेल, रामवीर शर्मा, राजेश शर्मा, नरेंद्र नोनेरिया, सुधीर श्रीवास्तव एवं अरविंद रघुवंशी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर किशोर कुमार की इस पहल से न केवल आवासों की बिक्री में तेजी आई है, बल्कि आम नागरिकों को किफायती और गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



