कर्नाटक सड़क हादसे पर बस ड्राइवर का बड़ा खुलासा, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने जांच के दिए आदेश
चित्रदुर्ग (आरएनआई)। कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में कम से कम नौ लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर के बाद बस में आग लग गई थी, जिससे अंदर फंसे यात्रियों को बचने का मौका नहीं मिल सका।
पुलिस के अनुसार यह हादसा हिरियूर के पास सुबह करीब दो बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने निजी लग्जरी स्लीपर बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते वह आग की लपटों में घिर गई।
घायल बस चालक रफीक, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है, ने हादसे को लेकर अहम खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि ट्रक अचानक डिवाइडर पार कर उनकी बस की तरफ आ गया। रफीक के मुताबिक ट्रक की रफ्तार बहुत तेज थी, जबकि उनकी बस करीब 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल रही थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने सामने से आते ट्रक को देखकर बस को संभालने की कोशिश की, लेकिन टक्कर टाल नहीं सके। चालक ने बताया कि टक्कर के बाद बस पास से गुजर रहे किसी अन्य वाहन से भी टकरा गई, हालांकि उसे उस वाहन की जानकारी नहीं है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना भी की।
इस भीषण हादसे के बाद राज्य भर में शोक की लहर है, वहीं प्रशासन और पुलिस राहत एवं बचाव कार्य के साथ-साथ हादसे की तह तक जाने की तैयारी में जुट गई है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



