दुनियाभर में उल्लास के साथ मनाया जा रहा क्रिसमस, पीएम मोदी समेत शीर्ष नेताओं ने दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली (आरएनआई)। दुनिया भर में गुरुवार को क्रिसमस का पर्व श्रद्धा, प्रेम और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। प्रभु यीशु मसीह के जन्म के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले इस पर्व पर भारत में भी उत्सव का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित कई प्रमुख नेताओं ने देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “सभी को शांति, करुणा और आशा से भरे आनंदमयी क्रिसमस की शुभकामनाएं। यीशु मसीह की शिक्षाएं हमारे समाज में सद्भाव को मजबूत करती रहें।” उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रभु यीशु के संदेश प्रेम, सेवा और भाईचारे को और अधिक सुदृढ़ करेंगे।
क्रिसमस के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली के कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन में आयोजित सुबह की प्रार्थना सभा में भी शामिल हुए। यहां प्रार्थनाओं, कैरोल और भजनों का आयोजन हुआ, वहीं दिल्ली के बिशप डॉ. पॉल स्वरूप ने प्रधानमंत्री के लिए विशेष प्रार्थना भी की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी क्रिसमस की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, करुणा और मानवता के कल्याण का संदेश देता है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि क्रिसमस हमें प्रभु यीशु मसीह के बलिदान की याद दिलाता है और समाज में शांति, समानता और सेवा के मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। राष्ट्रपति ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे दया और पारस्परिक सद्भाव पर आधारित समाज के निर्माण के लिए मिलकर काम करें।
वहीं कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भी क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए एक वीडियो संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में आनंद, सुख और समृद्धि लाए तथा प्रेम और करुणा से जीवन को भर दे।
देशभर के चर्चों में विशेष प्रार्थनाएं, कैरोल गायन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। क्रिसमस के मौके पर लोगों ने एक-दूसरे को बधाइयां दीं और शांति, सौहार्द और भाईचारे का संदेश फैलाया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



