ऑस्ट्रेलिया सरकार का बड़ा फैसला: 16 साल से कम उम्र के बच्चों पर सोशल मीडिया इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लागू

Dec 11, 2025 - 10:11
 0  189
ऑस्ट्रेलिया सरकार का बड़ा फैसला: 16 साल से कम उम्र के बच्चों पर सोशल मीडिया इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लागू

कैनबरा (आरएनआई) ऑस्ट्रेलिया सरकार ने डिजिटल सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाते हुए 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया है। बुधवार, 10 दिसंबर से लागू इस नियम के बाद नाबालिग अब फेसबुक, इंस्टाग्राम, टिकटॉक, एक्स, स्नैपचैट, थ्रेड्स, रेडिट, ट्विच और किक जैसे किसी भी प्लेटफ़ॉर्म का उपयोग नहीं कर पाएंगे। सरकार ने साफ कर दिया है कि इन नियमों का पालन न करने वाली कंपनियों को 49.5 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर तक का जुर्माना भुगतना पड़ेगा।

प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने एक वीडियो संदेश में इस निर्णय को परिवारों के हित में लिया गया कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह नीति बच्चों को सुरक्षित वातावरण में अपना बचपन जीने का अवसर देगी और अभिभावकों को भी मानसिक शांति प्रदान करेगी। उन्होंने दावा किया कि पूरी दुनिया ऑस्ट्रेलिया की ओर देख रही है, और यदि ऑस्ट्रेलिया ऐसा कर सकता है, तो अन्य देश भी इसका अनुसरण कर सकते हैं।

नियम लागू होने के बाद बच्चों और अभिभावकों की मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ बच्चों ने सोशल मीडिया छिन जाने पर नाराजगी जताई, जबकि कुछ ने उम्र पहचान तकनीक को धोखा देने के लिए नकली दाढ़ी और अन्य तरीके अपनाने की कोशिश की। कई अभिभावकों और बड़े भाई-बहनों को भी बच्चों की मदद करते देखा गया।

ईसेफ्टी कमिश्नर जूली इनमैन ग्रांट ने बताया कि कंपनियों के पास पहले ही उपयोगकर्ताओं की उम्र संबंधी जानकारी और डेटा मौजूद होता है, जिससे उम्र सत्यापन में आसानी होती है। उन्होंने कहा कि गुरुवार को 10 बड़ी कंपनियों को नोटिस भेजा जाएगा, जिसमें उनसे पूछा जाएगा कि वे उम्र प्रतिबंध को कैसे लागू कर रही हैं और अब तक कितने नाबालिग अकाउंट बंद किए गए हैं। क्रिसमस तक इस नियम की प्रभावशीलता पर सरकार रिपोर्ट पेश करेगी।

संचार मंत्री अनिका वेल्स ने कहा कि कंपनियों के लिए इस नीति से सहमत होना आवश्यक नहीं है, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई कानून का पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि टिकटॉक पहले ही 2 लाख से अधिक नाबालिग अकाउंट बंद कर चुका है। वेल्स ने यह भी स्पष्ट किया कि वीपीएन या अन्य माध्यमों से नियम तोड़ने वाले बच्चे भी अंततः पकड़े जाएंगे, क्योंकि उनके पोस्ट किए गए कंटेंट से उनकी वास्तविक लोकेशन का पता चल ही जाता है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.