उमा भारती बोलीं—शाहजहांपुर गुलामी का प्रतीक, नाम बदला जाए
मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने शनिवार को आंवला में वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि लोधी समाज को ना चापलूसी आती है और ना साजिश करनी आती है। इस अवसर पर उमा भारती ने शाहजहांपुर का नाम बदलने की मांग भी उठाई।
बरेली (आरएनआई) मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने शनिवार को बरेली के आंवला में वीरांगना अवंतीबाई लोधी की जयंती पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने पड़ोसी जनपद के नाम पर कहा कि शाहजहांपुर अच्छा नहीं लगता। मुख्यमंत्री योगी से अनुरोध है कि इसके लिए कोई नया नाम प्रस्तावित कर दें। कहा कि गुलामी के दौर की याद दिलाने वाले किसी व्यक्ति के नाम पर जिले का नाम रहे यह अच्छा नहीं है। दोबारा यह नाम सुनना भी नहीं चाहती।
उमा भारती ने कहा कि भाजपा ने लोधी समाज से दो-दो मुख्यमंत्री दिए हैं। लोधी समाज पहला समाज था जिसने भाजपा को प्लेटफॉर्म दिया है। इसके पहले भाजपा की छवि पिछड़ों के हितैषी के रूप में नहीं थी। लोधी समाज ने भाजपा को मंच दिया, जिसकी वजह से भाजपा अपना विस्तार कर सकी। भाजपा ने लोधी समाज का सम्मान रखा तो लोधियों ने भाजपा का मान रखा। लोधियों को ना चापलूसी आती है और ना साजिश करनी आती है।
उन्होंने कहा कि अभी हम मथुरा और काशी के लिए कोर्ट में अर्जी दिए हैं। सुनवाई हो रही है। कोर्ट का आदेश हम मानेंगे। हमारे इष्ट के जन्मस्थान के लिए प्रमाण मांगा जा रहा है। कहा कि मीरबाकी ने हमारी विरासत पर कील ठोंकने का काम किया था। अस्मिता का अपमान करने के लिए ढांचे को गिराकर वहां इबादतघर बनाया था। हमने राष्ट्रीय अस्मिता को बचाने के लिए भव्य मंदिर का निर्माण कर फिर से गौरव को लौटाने का काम किया। कल्याण सिंह बब्बर शेर थे, जिन्होंने रामभक्तों का संरक्षण किया, अपनी सत्ता की चिंता नहीं की।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जाति के नाम पर हिंदू समाज को बांटने का बड़ा षड्यंत्र चल रहा है। हमें इन चक्करों में नहीं पड़ना है। हिंदू समाज को मजबूत करने के लिए पिछड़ों और दलितों को आगे आना होगा। समाज और सत्ता में उन्हें बराबर की भागीदारी देनी होगी। सत्ता, समाज और शासन में निर्णायक भागीदारी के लिए अटल बिहारी बाजपेयी ने बहुत काम किया था।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



