आज बंद होंगे हेमकुंड साहिब और लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट, अंतिम अरदास के लिए पहुंचे हजारों श्रद्धालु

Oct 10, 2025 - 09:47
 0  162
आज बंद होंगे हेमकुंड साहिब और लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट, अंतिम अरदास के लिए पहुंचे हजारों श्रद्धालु

चमोली (आरएनआई): सिखों के पवित्र तीर्थ स्थल हेमकुंड साहिब में शुक्रवार को इस वर्ष की अंतिम अरदास के साथ ही कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट भी आज बंद होंगे। हाल ही में हुई भारी बर्फबारी के कारण पूरा क्षेत्र बर्फ से ढक गया है, जिससे घाटी में सर्दी का असर बढ़ गया है।

हेमकुंड साहिब ट्रस्ट की ओर से कपाट बंद होने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जानकारी के अनुसार, सुबह 10 बजे सुखमणी साहिब के पाठ के बाद कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू होगी। कीर्तन उपरांत गुरुग्रंथ साहिब को सचखंड में सुशोभित किया जाएगा और दोपहर एक बजे हेमकुंड साहिब के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।

वहीं, लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट दोपहर 12 बजकर 31 मिनट पर बंद होंगे। लक्ष्मण लोकपाल मंदिर और हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा एक ही परिसर में स्थित हैं।

हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि कपाट बंद होने की प्रक्रिया श्रद्धा और परंपरा के अनुसार पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान हजारों श्रद्धालु घांघरिया पहुंच चुके हैं ताकि वे कपाट बंद होने के इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बन सकें।

इस वर्ष हेमकुंड साहिब में अब तक दो लाख 72 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। 25 मई 2025 को कपाट खोले गए थे और 10 अक्तूबर 2025 को बंद हो रहे हैं। इस प्रकार इस वर्ष 139 दिनों तक यात्रा संचालित रही।

बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच, हेमकुंड साहिब और लक्ष्मण लोकपाल मंदिर के कपाट बंद होने के साथ ही उत्तराखंड की यह आध्यात्मिक यात्रा शीतकालीन विराम पर चली गई है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.