अमित शाह का कांग्रेस पर हमला, बोले-जिनकी खुद की कोई गारंटी नहीं है, उनकी गारंटी का क्या होगा?

Nov 13, 2023 - 16:14
Nov 13, 2023 - 16:15
 0  3.6k
अमित शाह का कांग्रेस पर हमला, बोले-जिनकी खुद की कोई गारंटी नहीं है, उनकी गारंटी का क्या होगा?

गुना-विदिशा, (आरएनआई) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज सोमवार को मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं, वे प्रदेश की कई विधानसभाओं में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में वोट अपील करने पहुँच रहे हैं, प्रदेश के विदिशा और गुना जिले के सिरोंज तथा चाचौड़ा में आयोजित आमसभा में उनके निशाने पर कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी रहे।

अमित शाह ने निशाने पर दिग्विजय सिंह और कमलनाथ
अमित शाह ने कहा कि आने वाला चुनाव अगले 5 साल तक मध्य प्रदेश और देश का भविष्य तय करने का चुनाव है। एक ओर परिवारवादी कांग्रेस है, तो दूसरी ओर देश को सुरक्षित करने वाली भारतीय जनता पार्टी। उन्होंने कहा कि 2003 में मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी, उससे पहले 10 साल तक बंटाधार की सरकार थी। इन्होंने 10 साल में मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था, जहां विकास का नामोनिशान नहीं था। 18 साल के अंदर भाजपा ने मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य से बेमिसाल राज्य बनाया। मोदी जी पर भरोसा कीजिए और भाजपा को ​आशीर्वाद दीजिए हम मध्य प्रदेश को श्रेष्ठ बनाएंगे।

कांग्रेस की गारंटियों पर अमित शाह ने कसा तंज 
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज मैं बंटाधार (दिग्विजय सिंह को भाजपा इस नाम से भी बुलाती है) और कमलनाथ की जोड़ी को कहने आया हूं, जब आप लोग मध्य प्रदेश को छोड़ कर गए थे, तब प्रदेश का बजट 23 हजार करोड़ रुपये था। हमने 18 साल में बजट को 23 हजार करोड़ रुपये से बढ़ाकर 3 लाख 14 हजार करोड़ रुपये किया है। ये I.N.D.I अलायंस वाले, ये कांग्रेस वाले मध्य प्रदेश का भला नहीं कर सकते। अभी-अभी ये नया लेकर आए हैं – कांग्रेस की पांच गारंटी। मैं मध्य प्रदेश की जनता से कहने आया हूं कि जिनकी खुद की कोई गारंटी नहीं है, उनकी गारंटी का क्या होगा?

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस, गरीब कल्याण की बात करती है। इन्होंने ‘गरीबी हटाने’ का नारा दिया, गरीबी नहीं हटाई, गरीबों को हटाने का काम किया। जबकि मोदी जी ने देश के 60 करोड़ गरीबों के भले के लिए बीते 9 वर्षों में कई कदम उठाए। कांग्रेस पार्टी ने 70 साल से धारा-370 को बच्चे की तरह गोदी में पाल कर रखा था। आपने मोदी जी को दूसरी बार प्रधानमंत्री बनाया और उन्होंने धारा-370 हटाकर कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाया।

Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2Xp81Z

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 1
Sad Sad 0
Wow Wow 0