जुबिन नौटियाल के पिता राम शरण नौटियाल की कांग्रेस में वापसी, दिल्ली में ली सदस्यता

Monday, October 19, 2026 - 19:53
0
जुबिन नौटियाल के पिता राम शरण नौटियाल की कांग्रेस में वापसी, दिल्ली में ली सदस्यता

देहरादून/नई दिल्ली: मशहूर गायक जुबिन नौटियाल के पिता और पूर्व भाजपा नेता राम शरण नौटियाल सोमवार को एक बार फिर कांग्रेस में शामिल हो गए। दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य मौजूद रहे।

राम शरण नौटियाल पहले भी कांग्रेस से जुड़े रहे हैं। करीब 12 साल पहले उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। वर्ष 2022 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर चकराता सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वह देहरादून जिला पंचायत के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

भाजपा छोड़ने के बाद राम शरण नौटियाल ने संगठन में अनुशासन की कमी और सार्वजनिक मंचों पर अपमान को अपने फैसले की प्रमुख वजह बताया था। उनका कहना था कि किसी भी समर्पित कार्यकर्ता के लिए मान-सम्मान महत्वपूर्ण है और वह राजनीति में निजी फायदे के बजाय अपने क्षेत्र की समस्याओं तथा विकास के मुद्दों को उठाने के लिए आए थे।

कांग्रेस नेताओं ने उनकी वापसी का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे उत्तराखंड में पार्टी के संगठन को मजबूती मिलेगी। राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए राम शरण नौटियाल की कांग्रेस में वापसी को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, आगामी चुनाव में उनकी भूमिका को लेकर पार्टी की ओर से किसी औपचारिक घोषणा की पुष्टि नहीं हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User