अनिरुद्धाचार्य मामले में नया मोड़: परिवाद दाखिल करने वाली मीरा राठौर को 10 लाख का मानहानि नोटिस, बोलीं— डरने वाली नहीं

Dec 24, 2025 - 15:38
 0  1k
अनिरुद्धाचार्य मामले में नया मोड़: परिवाद दाखिल करने वाली मीरा राठौर को 10 लाख का मानहानि नोटिस, बोलीं— डरने वाली नहीं

मथुरा (आरएनआई)। वृंदावन के कथावाचक अनिरुद्धाचार्य द्वारा महिलाओं को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इस प्रकरण में मथुरा न्यायालय में परिवाद दाखिल करने वाली मीरा राठौर और गुंजन शर्मा को अनिरुद्धाचार्य की ओर से 10 लाख रुपये का मानहानि नोटिस भेजा गया है। यह नोटिस उनके हाईकोर्ट के अधिवक्ता के जरिए भेजा गया, जिसके बाद विवाद ने नया मोड़ ले लिया है।

मानहानि नोटिस मिलने के बाद मीरा राठौर ने खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वे किसी भी तरह के दबाव से डरने वाली नहीं हैं और महिलाओं के स्वाभिमान की लड़ाई आगे भी लड़ती रहेंगी। मीरा का आरोप है कि गलती करने के बाद उल्टा उन्हें डराने के लिए मानहानि का नोटिस भेजा गया है, जो ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ जैसी स्थिति है।

गौरतलब है कि इस मामले में सबसे पहले गुंजन शर्मा ने 28 अगस्त को मथुरा न्यायालय में कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ परिवाद दाखिल किया था। इसके बाद मीरा राठौर ने भी इसी मामले में अलग से परिवाद प्रस्तुत किया था। तब से यह विवाद लगातार चर्चा में बना हुआ है।

गुंजन शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में सभी जरूरी सबूत पेन ड्राइव के जरिए अदालत में जमा कराए हैं। उनका कहना है कि महिलाओं के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी बताया कि 20 दिसंबर को मामले की सुनवाई निर्धारित थी, लेकिन शनिवार होने के कारण उनके वकील ने पेशी नहीं की।

दोनों महिलाओं का कहना है कि वे अपने फैसले पर अडिग हैं और यह लड़ाई महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए जारी रहेगी। अब इस पूरे विवाद पर सभी की निगाहें 9 जनवरी को मथुरा न्यायालय में होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां मामले की आगे की दिशा तय होगी।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.