अंबेडकर नगर में दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक टक्कर के बाद मददगारों को कार ने कुचला, 8 की मौत
अंबेडकर नगर में एक बेहद भयावह सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर मार्ग पर अशरफपुर के पास देर रात करीब 12 बजे दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें बाइक सवार लोग घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन तभी तेज रफ्तार मारुति स्विफ्ट डिजायर कार ने वहां मौजूद लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोग दूर जा गिरे और कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई।
इस दर्दनाक हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें लालचंद्र, उत्तम, कैफी, राजू गुप्ता, आदित्य और दिव्यांशु समेत अन्य शामिल हैं। मृतकों में दो सगे भाई भी थे, जो एक शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसे के बाद परिवारों में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार, कुछ शवों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)