यूपी: सीएम योगी बोले- काशी से क्योटो तक साझी समृद्धि की नई राह बना रही भारत-जापान मैत्री
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत-जापान संबंधों को विश्वास, विकास और दो प्राचीन संस्कृतियों की आत्मीयता का सेतु बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत शिंजो आबे ने दोनों देशों की मैत्री को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया पर कहा कि शिंजो आबे की स्मृतियों को समर्पित ‘आबे मेमोरियल कॉरिडोर’ का काशी स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में वह भी शामिल होंगे। कॉरिडोर को भारत-जापान के मजबूत होते संबंधों और शिंजो आबे की भारत के साथ विशेष मित्रता की स्मृति से जोड़ा गया है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत-जापान की साझेदारी अब केवल सांस्कृतिक और राजनयिक संबंधों तक सीमित नहीं है, बल्कि आर्थिक सहयोग भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा बन रहा है। उनके अनुसार, उत्तर प्रदेश जापानी कंपनियों के साथ करीब 90 हजार करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन कर चुका है।
मुख्यमंत्री ने काशी और जापान के क्योटो के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव को दोनों देशों के संबंधों की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि काशी से क्योटो तक यह संबंध अब आस्था, संस्कृति और अर्थव्यवस्था के क्षेत्रों में सहयोग की नई संभावनाएं पैदा कर रहा है।
योगी ने कहा कि भारत और जापान की यह मैत्री विश्वास की विरासत और विकास की साझेदारी को आगे बढ़ाने वाली है। ‘आबे मेमोरियल कॉरिडोर’ को इसी दीर्घकालिक संबंध और शिंजो आबे की भारत के प्रति विशेष आत्मीयता की स्मृति के रूप में देखा जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)