रांची में आधी रात छात्रों का धरना खाली कराने पहुंचा प्रशासन, भाजपा नेताओं के पहुंचने के बाद लौटी टीम
रांची। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का धरना मंगलवार देर रात तनावपूर्ण हो गया। करीब 12:30 बजे भारी पुलिस बल के साथ प्रशासनिक टीम धरना स्थल खाली कराने पहुंची। मौके पर रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन ने छात्रों से बातचीत की।
प्रशासनिक टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही भाजपा के कई नेता भी धरना स्थल पर पहुंच गए। भाजपा नेताओं ने छात्रों से मुलाकात कर उनकी मांगों की जानकारी ली और आंदोलन का समर्थन किया। भाजपा नेताओं का दावा है कि मीडिया की मौजूदगी और बढ़ते जनदबाव के बीच प्रशासनिक टीम बिना धरना समाप्त कराए वापस लौट गई।
भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्र लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में रात के समय प्रशासनिक कार्रवाई कर धरना समाप्त कराने का प्रयास उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनसे बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए।
धरना स्थल पर पहुंचे भाजपा नेताओं में प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, धनबाद विधायक राज सिन्हा, डाल्टेनगंज विधायक आलोक चौरसिया, प्रदेश मीडिया प्रभारी जोगेंद्र प्रताप सिंह और अशोक बड़ाईक शामिल रहे।
भाजपा नेताओं ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनके मुद्दों को राजनीतिक स्तर पर उठाया जाएगा और उनकी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की जाएगी। वहीं, छात्रों का धरना और उनकी मांगों को लेकर आंदोलन जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)