गुना में दिशा बैठक में सिंधिया के सख्त निर्देश, नशा-भू-माफिया और अवैध शराब पर कार्रवाई के आदेश; विकास कार्य समय-सीमा में पूरे करने पर जोर

Saturday, September 19, 2026 - 12:06
Updated: 2 days ago
0
गुना में दिशा बैठक में सिंधिया के सख्त निर्देश, नशा-भू-माफिया और अवैध शराब पर कार्रवाई के आदेश; विकास कार्य समय-सीमा में पूरे करने पर जोर

कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित केंद्रीय एवं राज्य शासन की प्रमुख विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने नशा मुक्ति अभियान, भू-माफियाओं के अवैध कब्जों तथा अवैध रूप से शराब बिक्री के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति के लिए पुलिस एवं जिला प्रशासन को सख्‍त कार्रवाई करनी चाहिए। इसी प्रकार अवैध कब्जा करने वाले भू-माफियाओं के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाए और किसी को नहीं छोड़ा जाए। अवैध रूप से शराब की बिक्री पर भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

केदारनाथ धाम की विस्तृत कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण

बैठक में केदारनाथ धाम से संबंधित प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत जानकारी भी पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी गई। इसमें धाम के डिजाइन, प्रस्तावित विकास कार्यों, सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं को विस्तार से समझाया गया। प्रस्तावित कार्यों के स्वरूप और उनके क्रियान्वयन के साथ-साथ सुरक्षा इंतजामों की भी जानकारी प्रस्तुत की गई।

विकास परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर

बैठक में सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल, औद्योगिक विकास एवं अधोसंरचना से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ने विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विकास कार्यों और नवाचारों की जानकारी

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं नवाचारों की जानकारी दी गई। इसमें कूनो नदी पुनर्जीवन परियोजना की रूपरेखा, ऊमरी स्थित समृद्धि केंद्र, मोबाइल कोर्ट, सीएम हेल्पलाइन में जिले के बेहतर प्रदर्शन, रात्रि चौपाल, हॉर्टिकल्चर में पॉलीहाउस गुलाब, थाई पिंक अमरूद, हरी मिर्च एवं गेंदा उत्पादन जैसे नवाचारों की जानकारी प्रस्तुत की गई। इसके साथ ही पंचायत भवन, आँगनबाड़ी एवं शांतिधाम को भी व्यवस्थित बनाकर एक मॉडल के रूप में विकसित किया किया जा रहा है उसकी भी प्रस्तुति दी गई। 

सिंचाई एवं पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा

बैठक में सिंचाई परियोजना तथा सिंध नदी आधारित पेयजल योजना सहित अन्य जल संसाधन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। परियोजनाओं से संबंधित कार्यों को समय पर पूर्ण करने तथा आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दी जानकारी

जिला अस्पताल में विकसित किए जा रहे 150 बिस्तरों वाले नए अस्पताल भवन के निर्माण की प्रगति से अवगत कराया गया। इसके साथ ही चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं तकनीकी कर्मचारियों की संख्या में हुई वृद्धि से भी अवगत कराया गया।

शिक्षा, सड़क एवं अधोसंरचना परियोजनाओं की समीक्षा

बैठक में सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण, एफडीडीआई संस्थान, पीएमजीएसवाई एवं सीएमजीएसवाई सड़कों, स्ट्रीट लाइट परियोजना, मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, औद्योगिक क्षेत्र, अस्पताल सुविधाओं के विस्तार, क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय तथा अमृत योजना सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

नशामुक्ति अभियान की प्रगति और निगरानी व्यवस्था की जानकारी

पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा जिले में संचालित नशामुक्ति अभियान की प्रगति की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता, परामर्श, उपचार और पुनर्वास गतिविधियों को भी बढ़ाया जा रहा है। जनभागीदारी के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही शहर एवं जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बैंक शाखाओं तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों को केंद्रीय कंट्रोल रूम से जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इससे अपराध नियंत्रण और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई को मजबूती मिलेगी।

बैठक के बाद प्रेस वार्ता में साझा की जानकारी

बैठक उपरांत केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने संक्षिप्त प्रेस वार्ता के माध्यम से दिशा बैठक में हुई समीक्षा तथा जिले में संचालित प्रमुख विकास कार्यों की जानकारी साझा की।

इस अवसर पर प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा गुना जिले के प्रभारी मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, विधायक गुना पन्‍नालाल शाक्‍य, चांचौड़ा विधायक श्रीमती प्रियंका पेंची, विधायक बमोरी ऋषि अग्रवाल, जिला पंचायत अध्‍यक्ष अरविन्‍द्र धाकड़, उपाध्‍यक्ष श्रीमती सारिका लुंबा, नगरपालिका अध्‍यक्ष श्रीमती सविता गुप्‍ता, उपाध्‍यक्ष धरम सोनी, जिलाध्‍यक्ष धर्मेन्‍द्र सिंह सिकरवार, पूर्व मंत्री महेन्‍द्र सिंह सिसौदिया, सांसद प्रतिनिधि हरिसिंह यादव सहित अन्‍य जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्‍टर किशोर कुमार कन्‍याल, पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक दुबे अन्‍य अधिकारी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User