सीईओ जिला पंचायत की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक संपन्न
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक दुबे की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में खाद्य, नागरिक आपूर्ति, कृषि, पशुपालन, मत्स्य एवं उद्यानिकी विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जन-कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, राशन वितरण, पशु चिकित्सा, उद्यानिकी क्षेत्र विस्तार एवं कृषि नवाचारों की गहन समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026’ के तहत प्रत्येक शुक्रवार को अधिकारियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में राशन दुकानों, गैस गोदामों एवं पेट्रोल पंपों का अनिवार्य निरीक्षण किया जा रहा है। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में जिला खाद्य विभाग ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अगस्त माह में प्रदेश में 11वां स्थान (A ग्रेड) प्राप्त किया है। जिले में PDS के अंतर्गत अगस्त व सितंबर माह का एकमुश्त राशन वितरण जारी है तथा नवीन पात्रताओं के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान उपार्जन पंजीयन 15 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक 04 निर्धारित केंद्रों पर किया जाएगा।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अंतर्गत जिले में 08 मोबाइल वेटरनरी वाहन (MVU) टोल-फ्री नंबर 1962 के माध्यम से पशुपालकों को घर पहुँच चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं। सीईओ द्वारा घर पहुँच सेवा की पूर्व सूचना एक दिन पहले देने के निर्देश दिए गए।
उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की समीक्षा में बताया गया कि गुना जिले का उद्यानिकी रकबा वर्तमान में 17 प्रतिशत है, जो ग्वालियर व चंबल संभाग में सर्वाधिक है। चालू वित्तीय वर्ष में इसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत से अधिक करने के लक्ष्य के तहत अब तक लगभग 4,000 हेक्टेयर में क्षेत्र विस्तार किया जा चुका है। जिले की प्रमुख फसलों जैसे धनिया, मिर्च और आलू की प्रसंस्करण इकाइयों को प्राथमिकता दी जा रही है तथा उच्च मूल्य वाली फसलों के क्लस्टर तैयार किए जा रहे हैं।
मत्स्योद्योग विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 में अब तक 138 लाख मत्स्य बीज शासकीय दरों पर वितरित किए गए हैं। साथ ही हाइजीनिक तरीके से मछली विक्रय हेतु ‘मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना’ के तहत जिले में 18 स्मार्ट फिश पार्लर स्थापित किए गए हैं।
कृषि विभाग के गुण नियंत्रण अभियान के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए अमानक पाए गए नमूनों के आधार पर 29 बीज विक्रेताओं तथा 02 उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, जबकि 03 कीटनाशक फर्मों के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। इसके अलावा कृषि नवाचार के रूप में ‘आत्मा योजना’ के तहत जिले में पहली बार 100 किसानों के 100 हेक्टेयर क्षेत्र में सुपरफूड 'चिया सीड' की सफलतापूर्वक खेती कराई गई है, जिससे किसानों को ₹20,000 से ₹22,000 प्रति क्विंटल तक का बेहतर बाज़ार मूल्य प्राप्त हो रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)