गुना में स्मार्ट मीटर को लेकर मीडिया वर्कशॉप, कलेक्टर बोले- उपभोक्ताओं तक पहुंचाएं इसके फायदे

Thursday, September 3, 2026 - 22:56
Updated: 12 hours ago
0
गुना में स्मार्ट मीटर को लेकर मीडिया वर्कशॉप, कलेक्टर बोले- उपभोक्ताओं तक पहुंचाएं इसके फायदे

गुना। भारत सरकार की रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) के तहत लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर की उपयोगिता और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए गुना में मीडिया वर्कशॉप आयोजित की गई। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने मीडियाकर्मियों से स्मार्ट मीटर के फायदे आमजन तक पहुंचाने और बिजली कंपनी की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का आग्रह किया।

कलेक्टर ने बताया कि गुना जिले में 3 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं और अब तक 31 हजार 496 स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को टाइम ऑफ डे (टीओडी) टैरिफ का लाभ भी मिल रहा है। फरवरी से जुलाई 2026 के बीच 77 हजार 376 उपभोक्ताओं को कुल 85 लाख 77 हजार रुपये की टीओडी छूट दी गई है।

सुबह 9 से शाम 5 बजे तक बिजली उपयोग पर 20 प्रतिशत तक छूट

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के उप मुख्य महाप्रबंधक सी.के. पवार ने बताया कि नए टैरिफ के अनुसार 10 किलोवाट तक स्वीकृत लोड या अनुबंध मांग वाले पात्र उपभोक्ताओं को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली की खपत पर ऊर्जा प्रभार में 20 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। उन्होंने बताया कि घरेलू, गैर घरेलू, सार्वजनिक जल कार्य, स्ट्रीट लाइट और निम्नदाब औद्योगिक उपभोक्ता इस व्यवस्था से लाभान्वित हो रहे हैं।

पवार ने स्मार्ट मीटर से होने वाले फायदों की जानकारी देते हुए बताया कि मीटर की रीडिंग के लिए कर्मचारी को परिसर में आने की आवश्यकता नहीं होती। रीडिंग स्वचालित रूप से दर्ज होती है। उपभोक्ता दैनिक, साप्ताहिक और मासिक बिजली खपत की जानकारी देख सकता है और आगामी बिल का अनुमान भी लगा सकता है। मोबाइल एप के माध्यम से भी बिजली खपत की निगरानी की सुविधा उपलब्ध है।

संपर्क अभियान में 247 शिविर, 9,138 शिकायतों का निराकरण

मीडिया वर्कशॉप में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के महाप्रबंधक गुना वृत्त अशोक कुमार शर्मा ने ‘संपर्क अभियान 2026’ की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 14 मई से अब तक जिले में 247 विशेष शिविर लगाए गए हैं, जिनमें 9,138 उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं और शिकायतों का मौके पर निराकरण किया गया।

शिविरों में बिलिंग, मीटर, नए कनेक्शन, भार वृद्धि, नाम और श्रेणी परिवर्तन, खराब मीटर बदलने तथा स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बिजली संबंधी समस्याओं के लिए दूर न जाना पड़े और स्थानीय स्तर पर ही त्वरित सेवा मिल सके।

खराब मीटर की जगह मौके पर लगाया स्मार्ट मीटर

संपर्क अभियान के तहत गुना की अन्नपूर्णा कॉलोनी निवासी शांति देवी ने खराब मीटर को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में मीटर का डिस्प्ले खराब पाया गया। इसके बाद बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने मौके पर ही पुराना मीटर बदलकर नया स्मार्ट मीटर स्थापित कर दिया। साथ ही उपभोक्ता को स्मार्ट मीटर के लाभों की जानकारी दी गई।

वर्कशॉप में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, आरडीएसएस और एसएसटीडी योजना के तहत किए गए कार्यों तथा वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृत निर्माण कार्यों की जानकारी भी दी गई। इस दौरान बिजली कंपनी के अधिकारी, जनसंपर्क अधिकारी और बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User