राजस्थान: उदयपुर में स्कूल की छत का प्लास्टर गिरा, तीन बच्चे घायल; जर्जर भवन पर लगा ताला

Wednesday, October 7, 2026 - 16:31
0
राजस्थान: उदयपुर में स्कूल की छत का प्लास्टर गिरा, तीन बच्चे घायल; जर्जर भवन पर लगा ताला

उदयपुर जिले के भींडर क्षेत्र के वाणियातलाई ग्राम पंचायत के नारदा गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को कक्षा के दौरान छत का प्लास्टर अचानक गिर गया। हादसे के समय कमरे में करीब 32 बच्चे मौजूद थे। प्लास्टर की चपेट में आने से तीन बच्चे घायल हो गए, जबकि दो अन्य बच्चों को मामूली चोटें आईं।

घायल बच्चों में पहली कक्षा की छात्रा कृष्णा कुमारी, कार्तिक और पांचवीं कक्षा के छात्र गणेशलाल शामिल हैं। तीनों के सिर में चोट लगी। हादसे के तुरंत बाद उन्हें भींडर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया। घटना के दौरान कक्षा में अलग-अलग कक्षाओं के बच्चे एक ही कमरे में पढ़ाई कर रहे थे, तभी अचानक तेज आवाज के साथ प्लास्टर नीचे गिर गया और बच्चों में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के बाद शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्कूल भवन को बंद कर मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया है। अब बच्चों की कक्षाएं स्कूल के पास माताजी के चबूतरे के समीप वैकल्पिक स्थान पर संचालित की जाएंगी। विद्यालय में पहली से पांचवीं तक की कक्षाएं चलती हैं और कुल 37 बच्चे नामांकित हैं।

प्रधानाध्यापक लालसिंह शक्तावत के अनुसार, स्कूल भवन की जर्जर स्थिति के बारे में शिक्षा विभाग को पहले ही सूचित किया जा चुका था। वर्ष 2001 में बने इस भवन में दो कमरे और एक बरामदा है। ग्रामीणों का कहना है कि भवन लंबे समय से खराब स्थिति में है और इसकी मरम्मत को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं। हादसे के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

घटना की जानकारी मिलने पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) भींडर राजेंद्र कुमार चौबीसा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया। हादसे के बाद एक बार फिर सरकारी स्कूलों के जर्जर भवनों की सुरक्षा और समय पर मरम्मत को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। गनीमत रही कि इस दौरान पूरी छत नहीं गिरी और बड़ा हादसा टल गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User