शारदीय नवरात्रि के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कंकाली देवी मंदिर का किया निरीक्षण
हाथरस / सासनी श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के दिए निर्देश मंदिरों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, सुगम आवागमन एवं प्रभावी यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कंकाली देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया कल 11 अक्टूबर, 2026 से प्रारंभ हो रहे शारदीय नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत जनपद में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिन्हा के साथ हाथरस-अलीगढ़ मार्ग स्थित कंकाली देवी मंदिर, सासनी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर माता रानी के समक्ष मत्था टेका और जनपदवासियों की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर के पुजारी से वार्ता कर मंदिर की व्यवस्थाओं, नवरात्रि के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित संख्या तथा दर्शन-पूजन के प्रबंधों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मंदिर परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के संचालन एवं निगरानी व्यवस्था की भी जानकारी ली और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत सभी आवश्यक प्रबंध प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शारदीय नवरात्रि के दौरान जनपद के सभी प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। मंदिर परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा सुगम आवागमन के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।उन्होंने मंदिरों में प्रवेश एवं निकासी की व्यवस्था सुव्यवस्थित रखने, आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराने तथा भीड़ प्रबंधन के प्रभावी इंतजाम करने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिरों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा जाम की स्थिति उत्पन्न न होने देने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह अथवा अव्यवस्था की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शारदीय नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को मंदिरों की व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने तथा आवश्यक प्रबंध समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि नवरात्रि पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी, थाना प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)