गुना में 15वीं बार धूमधाम से मनेगा भगवान बलराम जन्ममहोत्सव, 2 सितंबर को निकलेगा भव्य चल समारोह

Wednesday, August 19, 2026 - 15:36
Updated: 4 days ago
0
गुना में 15वीं बार धूमधाम से मनेगा भगवान बलराम जन्ममहोत्सव, 2 सितंबर को निकलेगा भव्य चल समारोह

भगवान श्री बलराम के जन्ममहोत्सव हलछठ को लेकर किरार-धाकड़-नागर समाज में उत्साह का माहौल है। गत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी भगवान बलराम जन्ममहोत्सव जिला मुख्यालय गुना पर धूमधाम, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। दिनांक 2 सितंबर बुधवार को 11 बजे गायत्री मंदिर से चल समारोह प्रारंभ होकर हाटरोड सदरबाजार लक्ष्मीगंज होकर मानस भवन में सभा आयोजित कर भगवान बलराम की महा आरती की जाएगी।आयोजन की तैयारियों एवं कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से गुना नगर स्थित रुद्राक्ष होटल में समाजबंधुओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में समाज के लोगों ने सर्वसम्मति से भगवान बलराम जन्ममहोत्सव को भव्य स्वरूप प्रदान करने का निर्णय लिया। इस दौरान कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया तथा आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारियां तय की गईं। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि कार्यक्रम में समाज के अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो तथा भगवान बलराम के जन्मोत्सव को सामाजिक एकता और भाईचारे के पर्व के रूप में मनाया जाए।

प्रचार-प्रसार के लिए गठित होंगी टीमें

कार्यक्रम की व्यापक जानकारी समाज के प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं के अलग-अलग दल गठित किए गए। इन दलों को समाजबंधुओं से संपर्क करने, कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक लोगों को आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत, बैठक व्यवस्था, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए भी अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारियां दी गईं।

सामाजिक एकता का संदेश देगा आयोजन

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि भगवान बलराम केवल आस्था के केंद्र ही नहीं, बल्कि कृषि, श्रम और ग्रामीण संस्कृति के प्रतीक भी हैं। उनका जन्ममहोत्सव समाज को अपनी गौरवशाली परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का अवसर प्रदान करता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में आपसी भाईचारा, संगठनात्मक एकता और नई पीढ़ी में सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

बैठक में उपस्थित समाजबंधुओं ने आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। समाज के वरिष्ठजनों एवं युवाओं ने भी कार्यक्रम की तैयारियों में सक्रिय सहभागिता निभाने की बात कही।

आयोजकों ने समाज के सभी परिवारों से भगवान बलराम जन्ममहोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने तथा आयोजन को भव्य और सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User