खरगे ने जेपी नड्डा को फिर लिखा पत्र, हल्द्वानी में मंच के शुद्धिकरण मामले में एफआईआर की मांग दोहराई
हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद मंच का कथित शुद्धिकरण किए जाने का विवाद अभी थमा नहीं है। अब खरगे ने इस मामले को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को दोबारा पत्र लिखा है। उन्होंने नड्डा को राज्यसभा में दिए गए उनके आश्वासन की याद दिलाते हुए घटना के लिए जिम्मेदार लोगों और संगठनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग दोहराई है।
खरगे ने अपने पत्र में कहा कि घटना को 24 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कथित रूप से जिम्मेदार लोगों और संगठनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने नड्डा से उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इस मामले में कार्रवाई के निर्देश देने की अपील की।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह मामला केवल उनके व्यक्तिगत हित या कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर उनकी भूमिका तक सीमित नहीं है, बल्कि करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी व्यक्ति की जातिगत पहचान के आधार पर इस तरह की कथित प्रथाओं को कैसे स्वीकार किया जा सकता है।
खरगे ने नड्डा को राज्यसभा में दिए उनके उस बयान की भी याद दिलाई, जिसमें नड्डा ने घटना की जांच कराने और मामले को देखने का भरोसा दिया था। खरगे का कहना है कि अब इस मामले में ठोस कार्रवाई की जानी चाहिए।
इससे पहले राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा ने घटना को दुखद बताते हुए कहा था कि भाजपा ऐसी गतिविधियों का समर्थन नहीं करती। उन्होंने मामले की जांच कराने का भरोसा दिया था और कहा था कि घटना से खरगे की भावनाएं आहत हुई हैं।
वहीं, भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि घटना को जातिगत रंग देना उचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर हिंदू समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया। इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)