UPCA के खिलाफ Gen-Z क्रिकेटर्स का प्रदर्शन, तीन क्रिकेट एसोसिएशन की मांग; सितंबर में बड़े आंदोलन की तैयारी
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) द्वारा आयोजित UP T20 टूर्नामेंट लखनऊ के इकाना स्टेडियम में चल रहा है। इसी दौरान उत्तर प्रदेश क्रिकेट प्लेयर एसोसिएशन एवं क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ पूर्वांचल के तत्वावधान में पूर्वांचल एवं सेंट्रल यूपी के क्रिकेट खिलाड़ियों और अभिभावकों ने इकाना स्टेडियम के अंदर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान उत्तर प्रदेश में तीन क्रिकेट एसोसिएशन बनाने की मांग उठाई गई।
क्रिकेट प्लेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ जी का सपना है कि प्रदेश के क्रिकेट खिलाड़ियों को उनका उचित हक और अवसर मिले। उत्तर प्रदेश की लगभग 30 करोड़ की आबादी को देखते हुए प्रदेश में तीन क्रिकेट एसोसिएशन होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने उत्तर प्रदेश के क्रिकेटरों को उनका अधिकार दिलाने का जो सपना देखा है, उसे पूरा कराने के लिए उत्तर प्रदेश के Gen-Z क्रिकेट खिलाड़ी सितंबर माह में एक बड़े आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं, ताकि पूर्वांचल, सेंट्रल यूपी और पूरे उत्तर प्रदेश के क्रिकेट खिलाड़ियों को न्याय मिल सके।
UP T20 सीजन-4 में कुल 6 टीमों में लगभग 150 क्रिकेट खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें पूर्वांचल एवं सेंट्रल यूपी से केवल 16 खिलाड़ी, जबकि पश्चिमी यूपी के 9 जिलों से 89 खिलाड़ी तथा दिल्ली से 8 खिलाड़ी खेल रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पूर्वांचल और सेंट्रल यूपी के क्रिकेट खिलाड़ियों के साथ उचित प्रतिनिधित्व नहीं हो रहा है।
प्रदर्शन के दौरान खिलाड़ियों और अभिभावकों ने कहा कि अंडर-14, अंडर-16, अंडर-19, अंडर-23 एवं रणजी ट्रॉफी जैसी प्रतियोगिताओं में पूर्वांचल और सेंट्रल यूपी से केवल 16 क्रिकेट खिलाड़ी ही खेल रहे हैं, जबकि पश्चिमी यूपी और दिल्ली से लगभग 205 क्रिकेट खिलाड़ियों को UPCA की टीमों में शामिल किया जा रहा है।
पूर्वांचल के क्रिकेट खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि UPCA की अंडर-14, अंडर-16, अंडर-19, अंडर-23 और रणजी ट्रॉफी टीमों में पश्चिमी यूपी एवं दिल्ली के खिलाड़ियों को अधिक अवसर मिल रहे हैं। उनका सवाल है कि क्या पूर्वांचल और सेंट्रल यूपी के क्रिकेट खिलाड़ी उत्तर प्रदेश के नागरिक नहीं हैं? प्रदर्शनकारियों ने यह सवाल UPCA के संरक्षक के रूप में बताए जा रहे राजीव शुक्ला जी से भी पूछा।
क्रिकेट प्लेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश ने प्रदेश के Gen-Z क्रिकेट खिलाड़ियों से अपील की कि वे अपने अधिकार और उचित अवसर के लिए सितंबर में UPCA के खिलाफ प्रस्तावित आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें, ताकि खिलाड़ियों को उनका हक मिल सके और UPCA में कथित रूप से भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
इस प्रदर्शन में लगभग 250 क्रिकेट खिलाड़ी एवं उनके अभिभावक शामिल हुए और उन्होंने पूर्वांचल एवं सेंट्रल यूपी के क्रिकेट खिलाड़ियों को समान अवसर और उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)