कोलकाता के विश्व बांग्ला गेट के हैंगिंग रेस्टोरेंट में आग, 60 लोगों को सुरक्षित निकाला
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के न्यू टाउन इलाके में स्थित प्रसिद्ध विश्व बांग्ला गेट के हैंगिंग रेस्टोरेंट में बुधवार शाम आग लगने से अफरातफरी मच गई। रेस्टोरेंट से उठते धुएं और करीब 82 फीट नीचे सड़क पर गिरती आग की चिंगारियों को देखकर लोग घबरा गए। पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता से रेस्टोरेंट में मौजूद करीब 50 से 60 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, विजयादशमी की शाम करीब 6:30 बजे रेस्टोरेंट के निचले हिस्से में आग लगी। उस समय वहां बड़ी संख्या में ग्राहक और कर्मचारी मौजूद थे। आग की चिंगारियां नीचे सड़क पर गिरने लगीं, जिसके बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर विश्व बांग्ला गेट के नीचे से गुजरने वाले मार्ग पर यातायात रोक दिया। इससे आसपास के इलाके में कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचीं। संयुक्त प्रयासों से आग पर जल्द काबू पा लिया गया और रेस्टोरेंट में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटनास्थल पर बिधाननगर के पुलिस आयुक्त अमित कुमार भारत राठौड़ समेत वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और पश्चिम बंगाल हाउसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (HIDCO) के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या रसोई में तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद रेस्टोरेंट की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी इंतजामों की जांच पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)