चमोली में बादल फटने से तबाही, बाढ़ में बहा बेली ब्रिज; BRO कर्मचारी लापता होने की सूचना

Tuesday, August 11, 2026 - 14:25
0

चमोली की नीती घाटी में सोमवार शाम बादल फटने के बाद तमक नाले में अचानक जलसैलाब आ गया। तेज बहाव के कारण ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर सुराईथोटा की ओर 123 बीआरटीएफ द्वारा बनाया गया बेली ब्रिज बह गया। इस दौरान कई वाहन भी तेज बहाव की चपेट में आ गए। एक बीआरओ कर्मचारी के लापता होने की सूचना है। राहत और बचाव टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बादल फटने के बाद नाले में पानी के साथ बड़ी मात्रा में मलबा भी आ गया। कुछ ही देर में जलस्तर और बहाव इतना बढ़ गया कि बेली ब्रिज इसकी चपेट में आकर बह गया। घटना के दौरान जीआरईएफ का स्कॉर्पियो वाहन, बोलेरो कैंपर और एक अन्य वाहन भी प्रभावित हुए।

घटना के बाद मलारी की ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। पुल बहने से नीती घाटी के सीमांत क्षेत्रों में सड़क संपर्क बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जुम्मा, नीती और सीमा क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क भी बाधित होने की सूचना है।

यह बेली ब्रिज सीमांत क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण था। इससे पहले भी पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद सीमा सड़क संगठन ने यहां बेली ब्रिज का निर्माण कराया था। अब इसके बह जाने के बाद यातायात बहाल करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर काम शुरू किया जा रहा है।

BRO कर्मचारी की तलाश जारी

ज्योतिर्मठ के उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि उनकी बीआरओ के मेजर से फोन पर बातचीत हुई है। मेजर की ओर से एक कर्मचारी के लापता होने की जानकारी दी गई है। अचानक जलस्तर बढ़ने के बाद कर्मचारी का पता नहीं चल पाया। आशंका है कि वह तेज बहाव की चपेट में आया हो।

चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि एक पुल, एक गाड़ी, एक ट्रक और हवलदार रैंक के कर्मचारी के बहने की सूचना मिली है। अन्य कर्मचारियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ समेत अन्य राहत एवं बचाव टीमें मौके पर अभियान चला रही हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User