एमपी में एल. मुरुगन की खाली राज्यसभा सीट पर 12 नवंबर को उपचुनाव
भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा की खाली हुई एक सीट पर उपचुनाव की तारीख घोषित कर दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, इस सीट के लिए 12 नवंबर 2026 को मतदान होगा। यह सीट केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई है।
निर्वाचन आयोग के मुताबिक, चुनाव की अधिसूचना 26 अक्टूबर को जारी की जाएगी। उम्मीदवार 2 नवंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 3 नवंबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 5 नवंबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
मतदान 12 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया 16 नवंबर तक पूरी करने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
डॉ. एल. मुरुगन मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य थे। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक निर्धारित था, लेकिन उन्होंने 14 अक्टूबर 2026 से प्रभावी अपना इस्तीफा दे दिया, जिसे राज्यसभा के सभापति ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद यह सीट रिक्त हो गई।
इस उपचुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। भाजपा के लिए यह सीट महत्वपूर्ण मानी जा रही है, हालांकि पार्टी की ओर से उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। चुनाव में राज्यसभा सीट के लिए मध्य प्रदेश विधानसभा के निर्वाचित विधायक मतदान करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)